अमेरिका-ईरान शांति समझौते का ट्रंप ने किया ऐलान, खुलेगा होर्मुज स्ट्रेट, नौसैनिक नाकाबंदी भी हटेगी
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता पूरा होने का दावा किया है। होर्मुज स्ट्रेट खोलने और अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी हटाने का भी ऐलान किया।

करीब साढ़े तीन महीने तक चले संघर्ष और लगातार तनाव के बाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता पूरा होने का दावा किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (14 जून) को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच समझौता अब अंतिम रूप ले चुका है। इसके साथ ही दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने और अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को तत्काल हटाने का भी ऐलान किया गया है।
ट्रंप बोले- दुनिया के जहाज फिर शुरू करें आवाजाही
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर पोस्ट करते हुए कहा, "ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है। सभी को बधाई।" उन्होंने आगे कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को बिना किसी टैक्स के पूरी तरह खोला जा रहा है और अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को भी तत्काल प्रभाव से हटाने की अनुमति दी जा रही है। ट्रंप ने अपने संदेश में दुनियाभर के जहाजों से फिर से आवाजाही शुरू करने और तेल की आपूर्ति बहाल होने की बात कही।
होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल व्यापार का एक अहम मार्ग माना जाता है। ऐसे में इसके खुलने से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा आपूर्ति पर पड़े दबाव के कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी की पुष्टि
ट्रंप की घोषणा से पहले मध्यस्थता का दावा करने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समझौते की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि लंबी बातचीत के बाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता हो गया है। शहबाज शरीफ के अनुसार, इस समझौते में लेबनान भी शामिल है और सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को समाप्त करने पर सहमति बनी है।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने बताया कि इस समझौते पर औपचारिक हस्ताक्षर 19 जून को स्विट्जरलैंड में किए जाएंगे।
28 फरवरी को शुरू हुई थी जंग
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष की शुरुआत 28 फरवरी को हुई थी। युद्ध के पहले ही दिन ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसके बाद क्षेत्रीय तनाव तेजी से बढ़ गया। बाद में 8 अप्रैल 2026 को अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर पर सहमति बनी, जिसके बाद विभिन्न मध्यस्थों के जरिए स्थायी शांति समझौते के लिए बातचीत जारी रही।
हालांकि जून के इसी हफ्ते हालात एक बार फिर गंभीर हो गए थे, जब ईरान द्वारा अमेरिकी अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराने के बाद दोनों पक्षों के बीच हमले दोबारा शुरू हो गए थे। इसके बावजूद जारी कूटनीतिक प्रयासों के बाद अब शांति समझौता पूरा होने का दावा किया गया है, जिससे क्षेत्र में स्थिरता लौटने की उम्मीद बढ़ गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
