ट्रंप का बड़ा दावा- जल्द खत्म हो सकता है अमेरिका-ईरान युद्ध, समझौते के ड्राफ्ट पर चर्चा तेज

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका-ईरान युद्ध जल्द खत्म हो सकता है। दोनों देशों के बीच संभावित समझौते के ड्राफ्ट पर चर्चा आगे बढ़ने की बात भी सामने आई है।

फोटोः IANS
i

करीब छह महीने से जारी अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध अब नए मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि यह संघर्ष ज्यादा लंबा नहीं चलेगा और जल्द खत्म हो सकता है। उन्होंने एक बार फिर साफ किया कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए। इसी बीच दोनों देशों के बीच संभावित समझौते के ड्राफ्ट पर बातचीत आगे बढ़ने की खबरों ने कूटनीतिक हलचल भी तेज कर दी है।

समझौता चाहता हूं, लोगों की जान नहीं लेना चाहता: ट्रंप

जंग को लेकर ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने ईरान में एक जरूरी सैन्य कार्रवाई शुरू की थी। उनके मुताबिक, यह कदम इसलिए जरूरी था, क्योंकि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि युद्ध जल्द ही खत्म होने वाला है। मुझे नहीं लगता कि वे ज्यादा समय तक टिक पाएंगे।"

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान पर हमला कर रहा है, लेकिन उनकी प्राथमिकता समझौता है, क्योंकि वह लोगों की जान नहीं लेना चाहते। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका दूसरे विश्व युद्ध के बाद के सबसे बड़े हमले की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान ईरान की ओर से उन्हें फोन कर बातचीत की अपील की गई, हालांकि बाद में इस दावे से इनकार कर दिया गया। ट्रंप ने कहा कि ईरान अमेरिका का सम्मान करता है, लेकिन उसके पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए।


समझौते के मसौदे पर बातचीत आगे बढ़ी

युद्ध के साथ-साथ बातचीत के रास्ते भी खुले हुए हैं। कतर के अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते के ड्राफ्ट पर चर्चा काफी आगे बढ़ चुकी है। उनका कहना है कि फिलहाल कोशिश एक अल्पकालिक कूटनीतिक समाधान निकालने की है।

हालांकि, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव अभी भी बना हुआ है। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच सहमति बनने के बाद ही इस रणनीतिक समुद्री मार्ग में हालात सामान्य होने की उम्मीद की जा सकती है।

फरवरी में शुरू हुआ था युद्ध, दो बार हुआ युद्धविराम

अमेरिका और ईरान के बीच मौजूदा युद्ध की शुरुआत फरवरी 2026 में हुई थी। उसी समय अमेरिका और इजराइल ने मिलकर तेहरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए थे। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे। इसके बाद दोनों देशों के बीच संघर्ष लगातार जारी है और अब इसे लगभग छह महीने पूरे होने वाले हैं।

इस दौरान दो बार अस्थायी सीजफायर भी हुआ। अप्रैल 2026 में दोनों देशों के बीच दो सप्ताह का युद्धविराम लागू किया गया था। इसके बाद जून 2026 में भी कुछ समय के लिए दोनों पक्षों ने संघर्ष रोका, लेकिन यह ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका। अब एक ओर ट्रंप युद्ध जल्द खत्म होने का दावा कर रहे हैं, तो दूसरी ओर समझौते के मसौदे पर जारी बातचीत ने इस संघर्ष के भविष्य को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए