एडिनबरा स्कॉटलैंड की राजधानी है, लेकिन यह शहर इतिहास में कई भयानक कांडों के लिए भी जाना जाता है। इस शहर के ऐतिहासिक अतीत को देखते हुए इसमें आश्चर्य भी नहीं होना चाहिए। कई लेखक इस शहर से प्रेरणा भी लेते रहे हैं।
यहां भूतों के ज्यादातर किस्से पुराने शहर में सुनाई पड़ते हैं। स्कॉटिश लोग उस हिस्से को ओल्ड रिकी या ओल्ड स्मोकी कहते हैं। अंधेरी, संकरी गलियां और तंग खड़ी सीढ़ियों के चलते लेखक दशकों से इसे अपनी डरावनी कहानियों का हिस्सा बनाते आए हैं।
एक हॉरर उपन्यास, ‘द स्ट्रेंज केस ऑफ डॉक्टर जैकाल एंड मिस्टर हाइड’ 19वीं शताब्दी में स्कॉटिश लेखक रॉबर्ट लुइस स्टीवेंसन ने यहीं पर लिखा था। एडिनबरा के नगर लेखक एलन स्पेंस कहते हैं, “मुझे लगता है कि यहां की हवा और माहौल में ये चीजें हैं। एक बहुत ही गहन अदृश्य ऊर्जा है। हर तरह के लेखक, भले ही वो कवि हों, उपन्यासकार या नाटककार हों, वे इस ऊर्जा को महसूस करते हैं। कुछ है जो बहुत गहराई में चलता है, जो कल्पना को चिंगारी देता है।”
दूसरी जगहों के मुकाबले इस एक जगह, ग्रेफ्रायर के किर्कयार्ड ने लेखकों को सबसे ज्यादा अपनी ओर खींचा है। 16वीं शताब्दी से यहां एडिनबरा के प्रतिष्ठित लोगों को दफनाया जा रहा है। इसके बारे में कई डरावनी कहानियां प्रचलित हैं। किंवदंती है कि यहां पूर्व लॉर्ड एडवोकेट की आत्मा भटकती है। यहीं उनका मकबरा है।
कहते हैं कि जब एक बेघर शख्स उनके मकबरे में रहने के लिए दाखिल हुआ तो उनकी आत्मा नाराज हो गई और उस लड़के को बेतरह पीटा। उसके बाद से कई और लोगों ने भी ऐसे दावे किए। लेखिका जेके रॉलिंग जब हैरी पॉर्टर लिख रही थीं तो उन्हें एडिनबरा ने काफी प्रभावित किया। इस शहर का दौरा, शायद हर किसी कुछ न कुछ नया कहने का मौका जरूर देता है।
नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें