एफिल टॉवर प्रमुख देंगे पद से इस्तीफा, हिंदू दल के दौरे में महिला कर्मचारियों को अलग रखने पर हुआ था विवाद

एफिल टॉवर के संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाली कंपनी ‘सोसायटी द’एक्सप्लोइटेशन द ला टूर एफिल’ (सीईटीई) के महानिदेशक पैट्रिक ब्रांको रुइवो एक स्वतंत्र कंपनी द्वारा की गई जांच के बाद अपना पद छोड़ेंगे।

एफिल टॉवर प्रमुख देंगे पद से इस्तीफा, हिंदू दल के दौरे में महिला कर्मचारियों को अलग रखने पर हुआ था विवाद
i

पेरिस स्थित एफिल टॉवर में एक हिंदू धार्मिक समूह के दौरे के दौरान महिला कर्मचारियों को हटाए जाने को लेकर हुए विवाद के बाद अब इस ऐतिहासिक इमारत का संचालन करने वाली कंपनी के प्रमुख साल के अंत में अपने पद से हट जाएंगे।

एफिल टॉवर के संचालन की जिम्मेदारी संभालने वाली कंपनी ‘सोसायटी द’एक्सप्लोइटेशन द ला टूर एफिल’ (सीईटीई) के महानिदेशक पैट्रिक ब्रांको रुइवो एक स्वतंत्र कंपनी द्वारा की गई जांच के बाद अपना पद छोड़ेंगे। जांच में पांच सितंबर को हुए धार्मिक समूह के दौरे से संबंधित संचालन में कई खामियां सामने आईं।


सीईटीई ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि इन खामियों के कारण ‘‘उस दिन महिला कर्मचारियों को दौरे से अलग रखा गया, जो एक अस्वीकार्य स्थिति थी।’’ रुइवो को 2018 के अंत में सीईटीई का महानिदेशक नियुक्त किया गया था।

हर साल करीब 70 लाख पर्यटक 1,083 फुट ऊंचे एफिल टॉवर को देखने आते हैं। एफिल टॉवर को सात सितंबर को कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बंद करना पड़ा था। एक यूनियन पदाधिकारी ने प्रबंधन के निर्देशों को ‘‘अस्वीकार्य’’ बताते हुए हड़ताल की थी।


इस प्रतिष्ठित स्थल के कर्मचारियों में उस समय नाराजगी बढ़ गई थी, जब प्रबंधन ने कर्मचारियों से कहा कि महिला कर्मियों को बोचासनवासी श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) के प्रतिनिधिमंडल के संपर्क में नहीं आना चाहिए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए