असद शासन का पतन सीरिया के लोगों के लिए ‘ऐतिहासिक अवसर’ : बाइडन

बाइडन ने कहा, ‘‘सीरिया में 13 साल के गृहयुद्ध और बशर असद तथा उनके पिता के करीब आधी सदी से अधिक समय तक क्रूर तानाशाहीपूर्ण शासन के बाद विद्रोही ताकतों ने असद को अपने पद से इस्तीफा देने एवं देश से भागने पर मजबूर कर दिया।

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

पीटीआई (भाषा)

google_preferred_badge

अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन ने रविवार को कहा कि सीरिया के अपदस्थ राष्ट्रपति बशर अल-असद के शासन का पतन देश के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है क्योंकि असन शासन ने बीते 50 साल में हजारों निर्दोष सीरियाई लोगों के साथ क्रूरता की, उन्हें प्रताड़ित किया और उनकी जान ली।

कई वर्षों के हिंसक गृहयुद्ध और बशर अल-असद एवं उनके परिवार के दशकों के नेतृत्व के बाद विद्रोही समूहों के देश पर कब्जा कर लिया जिसके कुछ घंटों बाद बाइडन ने व्हाइट हाउस (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यालय एवं आवास) में यह बात कही।

बाइडन ने कहा, ‘‘सीरिया में 13 साल के गृहयुद्ध और बशर असद तथा उनके पिता के करीब आधी सदी से अधिक समय तक क्रूर तानाशाहीपूर्ण शासन के बाद विद्रोही ताकतों ने असद को अपने पद से इस्तीफा देने एवं देश से भागने पर मजबूर कर दिया। हमें मालूम नहीं है कि वह कहां है, लेकिन ऐसी खबरें हैं कि वह रूस की राजधानी मॉस्को में है। आखिरकार, असद शासन का पतन हो गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस शासन ने सैकड़ों हजारों निर्दोष सीरियाई लोगों पर अत्याचार किया, उन्हें प्रताड़ित किया और उनकी जान ली। इस शासन का पतन न्याय का एक मौलिक कार्य है। यह सीरिया में लंबे समय से पीड़ित लोगों के लिए अपने गौरवशाली देश का बेहतर भविष्य बनाने का ऐतिहासिक अवसर है।’’

बाइडन ने कहा कि यह जोखिम और अनिश्चितता का भी समय है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में हिज्बुल्ला, ईरान और रूस का असद शासन को समर्थन खत्म हो गया है। वह इस पूरे घटनाक्रम को सीरिया के लोगों के लिए अब एक नए अवसर के रूप में देख रहे हैं।

असद को सत्ता से बेदखल करने वाले सीरियाई विपक्ष का नेतृत्व ‘हयात तहरीर अल-शाम’ करता है। अमेरिका ‘हयात तहरीर अल-शाम’ को एक आतंकवादी संगठन मानता है जिसका संबंध अल-कायदा से है। हालांकि, समूह का कहना है कि उसने अल-कायदा से संबंध तोड़ लिए हैं।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia