कैलिफोर्निया: यू-ट्यूब मुख्यालय में फायरिंग, 4 लोग घायल, महिला शूटर ने खुद को मारी गोली

यू-ट्यूब मुख्यालय में फायरिंग के बाद अधिकारियों ने बताया कि 4 घायलों में से 1 व्यक्ति को हमलावर महिला जानती थी। वहीं स्थानीय मीडिया के मुताबिक, घायल व्यक्ति महिला हमलावर का प्रेमी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका के कैलिफोर्निया में यू-ट्यूब मुख्यालय में आत्मघाती महिला हमलावर ने फायरिंग कर दी, जिसमें 4 लोग घायल हो गए। गोलीबारी के बाद महिला ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। फायरिंग के बाद यू-ट्यूब मुख्यालय में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को एबुलेंस के जरिए इलाज के लिए नजदीकी अस्पलात में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी में घायल 4 लोगों में से 1 व्यक्ति को हमलावर महिला जानती थी। वहीं स्थानीय मीडिया के मुताबिक, घायल व्यक्ति हमलावर महिला का प्रेमी है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त महिला ने फायरिंग की उस वक्त यू-ट्यूब मुख्यालय में करीब 1700 कर्मचारी मौजूद थे।

गूगल के सीईओ सुंदर पिचई ने यू-ट्यूब मुख्यालय में हुई गोलीबारी की घटना को दुखद बताया है। उन्होंने कहा, “यू-ट्यूब मुख्यालय में गोलीबारी की घटना को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। यू-ट्यूब की सीईओ सुसान वोजिकी और मैं इस मुश्किल घड़ी में कर्मचारियों और यू-ट्यूब कम्युनिटी को मदद करने पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।”

उन्होंने अपने बयान में आगे कहा, “जब कर्मचारी लंच कर रहे थे, तभी गोलीबारी हुई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कर्मचारियों को इमारत से बाहर निकाला और सभी की सुरक्षा को प्राथमिकता दी।”

अमेरिका के राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने घटना पर दुख जताया है। उन्‍होंने ट्वीट कर कहा, “हमारी संवेदना पीड़ितों के साथ हैं। घटनास्‍थल पर तुरंत पहुंच कर लोगों को सहायता देने के लिए पुलिस-प्रशासन का शुक्रिया।”

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 04 Apr 2018, 9:36 AM