अमेरिका में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गिरफ्तार, नीरज फरीदपुरिया के भी अमेरिकी एजेंसियों की गिरफ्त में होने की खबर
भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ उर्फ भाऊ रिटोलिया और गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। हिमांशु भाऊ के खिलाफ अगस्त 2023 में इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।

भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल हिमांशु भाऊ उर्फ भाऊ रिटोलिया को अमेरिका में गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। उसके साथ गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के पकड़े जाने की भी जानकारी सामने आई है। दोनों पर दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब समेत कई इलाकों में आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
इंटरपोल ने जारी किया था रेड कॉर्नर नोटिस
हिमांशु भाऊ हरियाणा के रोहतक जिले के रिटोली गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, फिरौती वसूलने और हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर मामलों में केस दर्ज होने की बात कही गई है। वह दिल्ली और हरियाणा पुलिस के साथ-साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की वांछित सूची में भी शामिल रहा है।
अगस्त 2023 में इंटरपोल ने हिमांशु भाऊ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। इस नोटिस के जरिए सदस्य देशों की कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संबंधित व्यक्ति का पता लगाने और प्रत्यर्पण या अन्य कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में लेने में सहयोग मांगा जाता है। नोटिस जारी होने के बाद से भारतीय जांच एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।
हरियाणा और दिल्ली पुलिस ने घोषित किया था इनाम
हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी में मदद करने के लिए हरियाणा पुलिस ने 2.5 लाख रुपये, जबकि दिल्ली पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोप है कि विदेश में रहते हुए भी वह दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब में सक्रिय अपने गिरोह को संचालित कर रहा था।
नीरज फरीदपुरिया पर भी कई गंभीर मामले
हरियाणा STF से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिका में गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया के पकड़े जाने की भी खबर है। उसके खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हत्या और रंगदारी समेत 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने का दावा किया गया है।
नीरज का नाम 2019 में फरीदाबाद में कांग्रेस नेता विकास चौधरी की हत्या के मामले में भी सामने आया था। उसे हिमांशु भाऊ के गिरोह से जुड़ा बताया जाता है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी उसके घर पर छापेमारी भी कर चुकी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नीरज को 2012 में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और 2015 में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, 2019 में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उसके विदेश चले जाने की बात कही जाती है।
कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में हिमांशु भाऊ का नाम
हिमांशु भाऊ का नाम कई चर्चित आपराधिक घटनाओं की जांच के दौरान सामने आने का दावा किया गया है। इनमें यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर गोलीबारी, दिल्ली के बर्गर किंग आउटलेट में हुई हत्या, बेरी के चेयरमैन की हत्या की कथित साजिश और जिम ट्रेनर विजय की हत्या जैसे मामले शामिल हैं।
उसे नीरज बवाना और बंबीहा गिरोह से जुड़े लोगों का करीबी बताया जाता रहा है। वहीं, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के गिरोह के साथ उसकी कथित दुश्मनी की खबरें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
