पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा सड़क हादसा, खाई में गिरी बस, 40 लोगों की दर्दनाक मौत

यह हादसा खैबर पख्तूनख्वाह और बलूचिस्तान की सीमा के पास स्थित दाना सर इलाके में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

फोटो: सोशल मीडिया
i

पाकिस्तान में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में कम से कम 40 लोगों की जान चली गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा खैबर पख्तूनख्वाह और बलूचिस्तान की सीमा के पास स्थित दाना सर इलाके में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के अनुसार, बस हाईवे पर तेज गति से चल रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क से फिसलकर पत्थरों से भरी गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और राहत एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस अपनी निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर चल रही थी। बताया गया कि रास्ते में खराब हुई दूसरी बस के यात्रियों को भी इसी बस में बैठा लिया गया था, जिससे ओवरलोडिंग की स्थिति बन गई। अधिकारियों का मानना है कि यह हादसे की प्रमुख वजहों में से एक हो सकती है।

इस हादसे पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि पाकिस्तान में खराब सड़कें, यातायात नियमों का कमजोर पालन और लापरवाही से वाहन चलाना अक्सर गंभीर सड़क हादसों का कारण बनता है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। इससे पहले मई में उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक मिनीबस खड़ी बस से टकरा गई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हुई थी और 5 अन्य घायल हुए थे।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए