दुनिया: पाकिस्तान को कंगाली से बचाएगा आईएमएफ और न्यूज़ीलैंड में हुई पानी की किल्‍लत!

पाकिस्तान के लिए एक खुशखबरी आई है, उसके 700 मिलियन के लोन को अब मंजूरी मिल गई है और न्यूज़ीलैंड में गर्मी के साथ पानी की किल्‍लत का लोग सामना कर रहे हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

पाकिस्तान को 70 करोड़ डॉलर की फौरी मदद देगा आईएमएफ

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने घोषणा की है कि उसके कार्यकारी बोर्ड ने वैश्विक ऋणदाता के स्टैंड-बाय अरेंजमेंट (एसबीए) द्वारा समर्थित पाकिस्तान के आर्थिक सुधार कार्यक्रम की पहली समीक्षा पूरी कर ली है, जिससे लगभग 70 करोड़ डॉलर के तत्काल वितरण की अनुमति मिल गई है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, आईएमएफ ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि बोर्ड के फैसले के बाद एसबीए की व्यवस्था के तहत कुल ऋण वितरण लगभग 1.9 अरब डॉलर हो जाएगा।

पाकिस्तान के नौ महीने के एसबीए को पिछले साल जुलाई में कार्यकारी बोर्ड द्वारा अनुमोदन के समय लगभग तीन अरब डॉलर की मंजूरी दी गई थी। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान में आर्थिक गतिविधियां स्थिर हो गई हैं, हालांकि परिदृश्य चुनौतीपूर्ण है और ठोस नीतियों के कार्यान्वयन पर निर्भर है। आईएमएफ का मौजूदा कार्यक्रम अप्रैल के दूसरे सप्ताह में समाप्त होने की उम्मीद है। देश के एसबीए के तहत नवंबर 2023 में पहली समीक्षा के संबंध में आईएमएफ कर्मचारियों और पाकिस्तानी अधिकारियों के बीच एक कर्मचारी-स्तरीय समझौता हुआ। यह समझौता आईएमएफ के कार्यकारी बोर्ड द्वारा अनुमोदन पर निर्भर था।

फोटो: IANS
फोटो: IANS

इजरायल ने 2023 में युद्ध पर फूँके 6.59 अरब डॉलर

इजरायली वित्त मंत्रालय ने कहा कि हमास के साथ संघर्ष के लिए सरकार का खर्च 2023 में 24.7 अरब शेकेल (लगभग 6.59 अरब डॉलर) था। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यह खर्च 7 अक्टूबर, जिस दिन हमास ने इजरायल पर हमला किया था, और 31 दिसंबर के बीच किया गया था, जिसमें 17 अरब शेकेल रक्षा पर और बाकी लड़ाई से संबंधित नागरिक उद्देश्यों पर खर्च किया गया था। अकेले दिसंबर में, 71 अरब शेकेल के मासिक कुल सरकारी व्यय में से संघर्ष व्यय 17.2 अरब शेकेल था।

महीने का घाटा 33.8 अरब शेकेल रहा, जो साल-दर-साल 82.7 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। इज़रायली सरकार का वार्षिक घाटा 2023 में 77.5 अरब शेकेल या सकल घरेलू उत्पाद का 4.2 प्रतिशत था, जबकि 2022 में सरकार की आमद खर्च की तुलना में 9.9 अरब शेकेल अधिक थी। मंत्रालय ने बताया कि खर्च में वृद्धि के साथ-साथ, संघर्ष के कारण राजस्व में भी कमी आई। साथ ही इज़रायल में गतिविधियों में कमी के कारण कर संग्रह में गिरावट आई। इज़रायली सरकार के राजस्व में 2022 की तुलना में पिछले साल 6.4 प्रतिशत की कमी आई, जबकि व्यय में साल-दर-साल 12.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। बैंक ऑफ इज़रायल का अनुमान है कि युद्ध में लगभग 58 अरब डॉलर का खर्च आएगा और 2023 के अंतिम तीन महीनों में अर्थव्यवस्था दो प्रतिशत कम हो जाएगी।

फोटो: IANS
फोटो: IANS

न्यूज़ीलैंड में गर्मी के साथ पानी की किल्‍लत का सामना कर रहे हैं लोग

न्यूजीलैंड के निवासी इन दिनों गर्मी के साथ-साथ पानी की कमी का भी सामना कर रहे हैं। ऐसे में लोगों से पानी बचाने की अपील की जा रही है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार राजधानी वेलिंगटन, पिक्टन और अन्य मध्य न्यूजीलैंड क्षेत्रों के साथ-साथ दक्षिण द्वीप के ओटागो क्षेत्र के निवासियों से आने वाले हफ्तों में जल बचाने के लिए कहा जा रहा है, क्योंकि देश भर में गर्मी के तापमान में वृद्धि के साथ मांग बढ़ती जा रही है।'' वेलिंगटन महानगरीय क्षेत्र 17 जनवरी को लेवल 2 जल प्रतिबंध में चला जाएगा, जिसका मतलब आवासीय घरों के लिए स्प्रिंकलर और सिंचाई प्रणालियों पर प्रतिबंध है।

वेलिंगटन सिटी काउंसिल ने गुरुवार को कहा कि निवासी किसी भी समय अपने बगीचे में हाथ से पानी डाल सकते हैं। काउंसिल ने कहा कि मंगलवार को वेलिंगटन में पानी की मांग 195 मिलियन लीटर तक पहुंच गई, और मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार कुछ संक्षिप्त अवधि के लिए बारिश होने की संभावना है, लेकिन, इससे स्थिति में मदद मिलने की संभावना नहीं है। पिक्टन और वाइकावा के निवासियों और व्यवसायों से पानी की हर बूंद को महत्व देने की अपील की गई है। उन्हें तत्काल पानी की खपत कम करने के लिए कहा गया है, क्योंकि मांग अभी भी शहर की आपूर्ति से अधिक है।

दक्षिण द्वीप में ओटागो क्षेत्र वर्तमान में शुष्क स्थिति का सामना कर रहा है और लोगों से आने वाले हफ्तों में जल संरक्षण पर विचार करने का आग्रह किया जा रहा है। काउंसिल के कार्यकारी महाप्रबंधक नियामक जो गिलरॉय ने कहा, ''पूरे ओटागो में नदियां अब कम हो रही हैं और हमें ऐसे लोगों की जरूरत है जो पानी का संरक्षण करें और नदियों, झीलों या झरनों से लेते समय इसका कुशलतापूर्वक उपयोग करें।

फोटो: IANS
फोटो: IANS

वर्ष 2035 तक सुंदर चीन के निर्माण का लक्ष्य मूल रूप से प्राप्त होगा

सुंदर चीन का निर्माण व्यापक रूप से आधुनिक समाजवादी देश के निर्माण का महत्वपूर्ण लक्ष्य ही नहीं, चीनी राष्ट्र के महान पुनरुत्थान के चीनी सपने को साकार करने का महत्वपूर्ण विषय भी है।

चीनी राज्य परिषद ने हाल में सुंदर चीन का निर्माण करने और मनुष्य व प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण अस्तित्व वाला आधुनिकीकरण बढ़ाने के लिए राय जारी की। चीन का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक पारिस्थितिक पर्यावरण शासन प्रणाली और संपूर्ण होगी। कई मिसाल तैयार होंगे और सुंदर चीन के निर्माण में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल होंगी।

वर्ष 2035 तक पारिस्थितिक पर्यावरण शासन प्रणाली और शासन क्षमता का आधुनिकीकरण मूल रूप से साकार होगा। सुंदर चीन के निर्माण का लक्ष्य मूल रूप से प्राप्त होगा।

मध्य शताब्दी की ओर देखें, तो पारिस्थितिकी पर्यावरण शासन प्रणाली और शासन क्षमता का आधुनिकीकरण पूरी तरह से साकार होगा और सुंदर चीन का निर्माण पूर्ण रूप से पूरा होगा।

इसके लिए चीन विकास के तरीकों के हरित परिवर्तन में तेजी लाएगा, प्रदूषण की रोकथाम मजबूत करेगा, पारिस्थितिकी व्यवस्था की विविधता, स्थिरता और निरंतरता उन्नत करेगा और सुंदर चीन के निर्माण में सभी नागरिकों को प्रोत्साहित करेगा।

फोटो: IANS
फोटो: IANS

2023 में चीन की "तीन नई वस्तुओं" का निर्यात पहली बार 10 खरब युआन के पार

चीनी कस्टम जनरल ब्यूरो ने शुक्रवार को बताया कि साल 2023 में चीन का माल व्यापार का कुल आयात और निर्यात मूल्य 417.6 खरब युआन रहा, जिसमें साल 2022 की तुलना में 0.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। उनमें से, निर्यात 237.7 खरब युआन रहा, जो वर्ष 2022 से 0.6 फीसदी ज्यादा था।

"तीन नई वस्तुओं" का निर्यात पहली बार 10 खरब युआन के पार हो गया। कस्टम जनरल ब्यूरो के उप प्रधान वांग लिंगच्युन के अनुसार, कुल मिलाकर देखा जाए, तो माल व्यापार का आयात और निर्यात उम्मीद से बेहतर रहा, स्थिरता को बढ़ावा देने और गुणवत्ता में सुधार करने के लक्ष्य को प्राप्त किया गया है।

विशेष रूप से, चौथी तिमाही में सकारात्मक रुझान स्पष्ट था। दिसंबर में, आयात और निर्यात 38.1 खरब युआन तक पहुंच गया, जो मासिक स्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। बताया गया है कि विगत वर्ष चीन का निर्यात सक्रिय रहा।

उच्च मूल्य वर्धित मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल उत्पादों का निर्यात 139.2 खरब युआन रहा, जो साल 2022 से 2.9 प्रतिशत अधिक था, और यह चीन के कुल निर्यात मूल्य का 58.6 हिस्सा रहा।

उनमें से, इलेक्ट्रिक यात्री वाहन, लिथियम-आयन बैटरी और सौर बैटरी जैसे "तीन नई वस्तुओं" के उत्पादों का कुल निर्यात 10.6 खरब युआन रहा, जो साल 2022 से 29.9 फीसदी अधिक था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia