कनाडा में फिर भारतीय सिख नस्लीय हिंसा का शिकार, फाड़ी पगड़ी, बालों से पकड़कर घसीटा

गगनदीप से मिलने पहुंची केलोना सिटी काउंसलर मोहिनी सिंह ने कहा कि वह उन्हें देखकर 'भयभीत' हो गईं। वह बहुत धीमा बोल पा रहा था और अपना मुंह नहीं खोल सकता था। घटना को 'असहनीय' और 'बिल्कुल घृणित' बताते हुए उन्होंने कहा कि इसे 'नस्लवादी हमला' माना जाना चाहिए।

फोटोः IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

कनाडा में फिर एक भारतीय सिख नस्लीय हिंसा का शिकार हुआ है। ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में भारत के एक सिख छात्र पर अज्ञात लोगों के एक समूह ने हमला कर दिया। इस दौरान गुंडों ने उसकी पगड़ी फाड़ दी और उसे बाल पकड़कर फुटपाथ पर घसीट ले गए। सीटीवी न्यूज ने बताया कि 21 वर्षीय गगनदीप सिंह को 17 मार्च को ट्रांजिट बस से उतरने के बाद हाइवे 97 और केलोना में मैक्कर्डी रोड के पास पीटा गया।

गगनदीप किराने की खरीदारी के बाद घर जा रहा था जब उसे बस में 12 से 15 साल के बीच के युवा लड़कों का एक ग्रुप मिला। केलोना सिटी काउंसलर मोहिनी सिंह ने सीटीवी न्यूज को बताया, "वे उसे परेशान कर रहे थे और उन्होंने उस पर एक विग फेंका। उसने उनसे कहा कि उसे परेशान न करें वरना वह पुलिस को बुलाएगा, हालांकि इसके बाद भी लड़के उसे परेशान करते रहे। वे उसके पीछे-पीछे ही उतरे, बस के जाने का इंतजार किया और फिर उन्होंने उसे घेर लिया।"


मोहिनी सिंह ने कहा कि उन्होंने उसके चेहरे पर, उसकी पसलियों, हाथों और पैरों पर वार किए और फिर उसकी पगड़ी फाड़ दी, उसके बाल खींचे और उसे घसीटते हुए चले गए।" उन्होंने आगे कहा कि वह ग्रुप पगड़ी अपने साथ ले गया और वे गगनदीप को सड़क के किनारे 'गंदी बर्फ' के ढेर में छोड़ गए। इसके बाद गगनदीप ने अपने एक दोस्त को बुलाया, जो घटनास्थल पर आया और 911 डायल किया। केलोना जनरल अस्पताल में उसके सीने, मुंह, हाथ और पैर में कई तरह की चोटों का इलाज किया गया।

गगनदीप से मिलने उनके घर गई मोहिनी सिंह ने कहा कि वह उन्हें देखने के बाद 'भयभीत' हो गईं। उन्होंने सीटीवी न्यूज को बताया कि वह बहुत धीमा बोल पा रहा था और अपना मुंह नहीं खोल सकता था। घटना को 'असहनीय' और 'बिल्कुल घृणित' बताते हुए मोहिनी सिंह ने कहा कि इसे 'नस्लवादी हमला' माना जाना चाहिए।


केलोना की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) ने एक बयान में कहा कि वे उस घटना की जांच कर रहे हैं। प्रवक्ता कॉन्स्टेबल माइक डेला-पाओलेरा ने कहा कि केलोना आरसीएमपी इसे बहुत गंभीरता से लेता है और चिंतित है कि इस प्रकार का अपराध हमारे शहर में हुआ है। यह हमला हमारे जांचकर्ताओं के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस बीच डरे हुए अंतर्राष्ट्रीय छात्र और सिख समुदाय के सदस्य रविवार सुबह केलोना बस स्टॉप के पास गगनदीप के लिए न्याय मांगने के लिए एकत्र हुए। गगनदीप के दोस्तों ने उसके मेडिकल खर्च, किराए और ट्यूशन फीस को कवर करने के लिए एक गोफंडमी पेज बनाया है।

Google न्यूज़व्हाट्सएपनवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia