बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद अंतरिम सरकार का गठन, मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली

वर्ष 2006 में नोबेल पुरस्कार पाने वाले यूनुस को मंगलवार को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा संसद भंग किए जाने के बाद अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया था।

मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली
i

नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अर्थशास्त्री मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली। यूनुस (84) को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने राष्ट्रपति भवन ‘बंगभवन’ में आयोजित एक समारोह में पद की शपथ दिलाई।

वर्ष 2006 में नोबेल पुरस्कार पाने वाले यूनुस को मंगलवार को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा संसद भंग किए जाने के बाद अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त किया गया था। इससे पहले आरक्षण प्रणाली के खिलाफ व्यापक प्रदर्शनों के बीच शेख हसीना सोमवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर देश छोड़कर चली गई थीं।

इससे पहले बांग्लादेश ने मंगलवार को सेना में शीर्ष पदों पर बड़ा फेरबदल किया, जिसके तहत राष्ट्रीय दूरसंचार निगरानी केंद्र (एनटीएमसी) के महानिदेशक मेजर जनरल जियाउल अहसन को सेवा से मुक्त कर दिया गया। वहीं लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद सैफुल आलम को विदेश मंत्रालय में नियुक्त किया गया है।

खबर के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद मुजीबुर रहमान को सेना प्रशिक्षण कमान का जीओसी नियुक्त किया गया। इसी तरह, लेफ्टिनेंट जनरल अहमद तबरेज शम्स चौधरी को सेना का क्वार्टरमास्टर जनरल, लेफ्टिनेंट जनरल मिजानुर रहमान शमीम को सेना का चीफ ऑफ जनरल स्टाफ, लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद शाहीनुल हक को कमांडर एनडीसी और मेजर जनरल एएसएम रिदवानुर रहमान को एनटीएमसी का महानिदेशक नियुक्त किया गया।


गौरतलब है कि बांग्लादेश में सोमवार को उस समय अराजकता फैल गई, जब शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से अचानक इस्तीफा दे दिया और वह सैन्य विमान से देश छोड़कर चली गईं।

हसीना के देश छोड़कर जाने की खबर फैलते ही सैकड़ों लोगों ने उनके आवास में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए