ईरान पर हमला, अमेरिका और इजरायल ने 30 जगहों को बनाया निशाना, हर तरफ बज रहे सायरन

इजरायल का कहना है कि उसने ईरान पर प्रीवेंटिंव अटैक यानी एहतियाती तौर पर हमला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के 30 ठिकानों पर इजरायल ने हमला किया है, जिसे एक पूर्वनियोजित सटीक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

इजराइल ने शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान पर हमला किया, जिसके बाद शहर के मध्य क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। ऐसा प्रतीत होता है कि यह हमला ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के पास हुआ।

सरकारी टेलीविजन ने कार्यालयों के निकटवर्ती इलाके में विस्फोट की बात स्वीकार की है।

ईरान पर 30 जगह पर हमला

इजरायल का कहना है कि उसने ईरान पर प्रीवेंटिंव अटैक यानी एहतियाती तौर पर हमला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के 30 ठिकानों पर इजरायल ने हमला किया है, जिसे एक पूर्वनियोजित सटीक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।

बहरहाल, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि 86 वर्षीय खामेनेई उस समय अपने कार्यालय में मौजूद थे या नहीं। अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच वह पिछले कई दिनों से सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका ने ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर समझौते के लिए दबाव बनाने के वास्ते क्षेत्र में लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों का बड़ा बेड़ा तैनात किया हुआ है।


हमले में अमेरिका भी शामिल

ईरान के खिलाफ शनिवार को किए गए इजराइली हमलों में अमेरिका भी हिस्सा ले रहा है। एक अमेरिकी अधिकारी और इस सैन्य अभियान से वाकिफ एक अन्य व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर यह जानकारी दी।

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इस हमले को ‘‘खतरों को समाप्त करने’’ के लिए उठाया गया कदम बताया। हालांकि, उन्होंने तुरंत इसका अधिक विवरण नहीं दिया।

तेहरान में प्रत्यक्षदर्शियों ने जोरदार विस्फोट की आवाज सुनी। बाद में ईरान के सरकारी टेलीविजन ने भी विस्फोट की खबर दी, लेकिन उसके कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

इजराइल में बज रहे सायरन

इसी समय इजराइल में सायरन बजने लगे। इजराइली सेना ने कहा कि उसने ‘‘जनता को पहले से चेतावनी जारी की है ताकि इजराइल की ओर मिसाइल दागे जाने की संभावित स्थिति के लिए लोग तैयार रह सकें।’’

इजराइल द्वारा हमले की घोषणा किए जाने के बाद ईरान की राजधानी में और भी कई विस्फोट हुए। हालांकि, अधिकारियों ने इन हमलों में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं दी है।

इस बीच, इजराइल के हमले के बाद ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। यह चेतावनी पायलटों को उस समय जारी की गई जब तेहरान में लगातार विस्फोटों की आवाजें सुनाई दे रही थीं।


इजराइली सेना ने कहा, ‘‘ यह इजराइल की ओर मिसाइल दागे जाने के खतरे के मद्देनजर जनता को तैयार रहने का संदेश देने के लिए है।

इजराइल द्वारा शनिवार को ईरान पर हमला किए जाने के बाद देश (इजराइल) के रक्षा मंत्री ने पूरे देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है।

रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने यह घोषणा उस समय की जब ईरान की राजधानी तेहरान के मध्य क्षेत्र में एक विस्फोट के बाद धुएं का गुबार उठता देखा गया।

ईरानी सरकारी टेलीविजन ने विस्फोट की पुष्टि की है, हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

इसी दौरान इजराइल में भी हर तरफ सायरन की आवाजें सुनाई दीं। इजराइली सेना ने कहा कि यह "इजराइल राज्य की ओर मिसाइल दागे जाने की आशंका के मद्देनजर जनता को तैयार करने के लिए एक सक्रिय चेतावनी" थी।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia