ईरानी मिसाइलों-ड्रोन से UAE और जॉर्डन में अमेरिकी रडार तबाह? सैटेलाइट तस्वीरें जारी कर ईरान का बड़ा दावा
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है। ईरानी मीडिया के अनुसार, मिसाइल और ड्रोन हमलों में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और जॉर्डन में अमेरिकी THAAD सिस्टम से जुड़े कई रडार ठिकाने तबाह कर दिए गए।

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच ईरानी मीडिया ने अमेरिके की रडार को तबाह करने को लेकर बड़ा दावा किया है। ईरान के सरकारी टीवी चैनल प्रेस टीवी के मुताबिक सैटेलाइट तस्वीरों से संकेत मिलता है कि संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन में मौजूद अमेरिका के सैन्य रडार सिस्टम को ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों में तबाह कर दिया गया है।
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी सशस्त्र बलों ने अपने जवाबी अभियान के तहत उन रडार नेटवर्क को निशाना बनाया जो अमेरिकी मिसाइल रक्षा प्रणाली की रीढ़ माने जाते हैं।
जॉर्डन के एयरबेस पर THAAD रडार को निशाना बनाए जाने का दावा
रिपोर्ट के मुताबिक, जॉर्डन के मुवाफ्फक साल्ती एयर बेस में मौजूद एक अमेरिकी THAAD मिसाइल बैटरी को सपोर्ट करने वाला रडार सिस्टम हमले में नष्ट हो गया।
सैटेलाइट तस्वीरों के आधार पर यह दावा किया गया है कि यह हमला युद्ध के शुरुआती दिनों में किया गया था। तस्वीरें सोमवार को ली गई थीं और उनमें रडार से जुड़ी संरचना के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के संकेत दिखाई देते हैं।
बताया गया है कि यह एयरबेस ईरान से करीब 500 मील से भी अधिक दूरी पर स्थित है। प्रेस टीवी के मुताबिक, इतनी दूरी पर मौजूद सैन्य ठिकाने तक हमले का पहुंचना ईरान की सैन्य क्षमता और जवाबी अभियान की व्यापकता को दर्शाता है।
यूएई में भी रडार ठिकानों को नुकसान का दावा
प्रेस टीवी ने यह भी कहा है कि संयुक्त अरब अमीरात में दो अलग-अलग सैन्य स्थानों पर रडार से जुड़े ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
सैटेलाइट विश्लेषण के अनुसार रुवैस और सादर के पास स्थित सैन्य परिसरों में 28 फरवरी से 1 मार्च के बीच हमले हुए। इन स्थानों पर रडार सिस्टम से जुड़ी इमारतों को निशाना बनाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक:
रुवैस में कम से कम तीन ढांचे क्षतिग्रस्त हुए
सादर में चार संरचनाओं में नुकसान देखा गया
इनमें ऐसे शेड भी शामिल थे जहां आम तौर पर THAAD मिसाइल सिस्टम से जुड़े रडार उपकरण रखे जाते हैं।
मिसाइल रक्षा प्रणाली के लिए रडार क्यों अहम?
रिपोर्ट में कहा गया है कि रडार किसी भी आधुनिक मिसाइल रक्षा प्रणाली का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।
यही सिस्टम आने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन का पता लगाता है और इंटरसेप्टर मिसाइलों को लक्ष्य की जानकारी देता है।
अगर रडार नष्ट हो जाए तो मिसाइल रक्षा बैटरी की खतरे को पहचानने और जवाब देने की क्षमता काफी कमजोर हो जाती है।
क्षेत्र में अमेरिका और इजरायल की आंखें बंद कर दीं: IRGC
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि ये हमले उसके जवाबी अभियान “ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस-4” का हिस्सा हैं।
IRGC के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक 7 से ज्यादा उन्नत रडार सिस्टम नष्ट किए जा चुके हैं।
बयान में कहा गया है, “इन रडारों को नष्ट करके क्षेत्र में अमेरिका और जियोनिस्ट शासन की निगरानी क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है।”
युद्ध की शुरुआत और ईरान की प्रतिक्रिया
टीवी प्रेस ने कहा, यह संघर्ष तब तेज हुआ जब 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ नए हमले शुरू किए।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतोल्ला अली खामेनेई, कई वरिष्ठ सैन्य कमांडर और 1200 से ज्यादा नागरिकों की मौत हुई।
इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल के कब्जे वाले क्षेत्रों और मध्य पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों की श्रृंखला शुरू की।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia