खाड़ी के देशों में ईरान का कोहराम! दुबई में अमेरिकी ठिकाने पर ड्रोन स्ट्राइक, कतर-सऊदी पर ड्रोन-मिसाइल हमलों की बौछार
ईरान ने दुबई में अमेरिकी ठिकाने पर ड्रोन हमला किया है। कतर और सऊदी पर मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव तेजी से बढ़ गया है।

मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बदल रहे हैं। ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात, कतर और सऊदी अरब समेत कई जगहों को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। अलग-अलग देशों की सरकारों और मंत्रालयों की ओर से जारी बयानों के मुताबिक, हमलों की यह कड़ी कई घंटों तक चली और इसके असर क्षेत्रीय सुरक्षा ढांचे पर साफ दिख रहे हैं।
दुबई में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर ड्रोन हमला
ईरानी मीडिया के मुताबिक, दुबई में उस इमारत को निशाना बनाया गया जहां अमेरिकी सैन्य अधिकारी मौजूद थे। दावा है कि हमले में शाहेद-136 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेर लिया। नुकसान के विस्तृत आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
इससे पहले सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी दूतावास को भी ड्रोन से निशाना बनाए जाने की खबर आई थी। हमले के बाद आग लगने की सूचना मिली, हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार उस समय दूतावास खाली था।
कतर पर मिसाइल और ड्रोन की बौछार
कतर के विदेश मंत्रालय ने बताया कि ईरान ने देश पर 92 बैलिस्टिक मिसाइलें और 17 ड्रोन दागे। शुरुआती चरण में 83 मिसाइलें और 12 ड्रोन डिटेक्ट किए गए। दो मिसाइलें अल उदैद एयरपोर्ट के पास गिरीं, जबकि एक ड्रोन ने प्रारंभिक चेतावनी रडार स्टेशन को निशाना बनाया।
कतर में इन हमलों के दौरान 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है।
दूसरी ओर, कतर के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने अधिकांश प्रोजेक्टाइल को इंटरसेप्ट कर लिया। मंत्रालय के मुताबिक, हमलों की शुरुआत के बाद से दागी गई तीनों क्रूज मिसाइलें, 101 में से 98 बैलिस्टिक मिसाइलें, 39 में से 24 ड्रोन, और दोनों SU-24 लड़ाकू विमान रोके गए।
संयुक्त राष्ट्र में कतर की शिकायत
कतर ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 का हवाला देते हुए जवाबी कार्रवाई का अधिकार सुरक्षित रखा है। दोहा ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव और सुरक्षा परिषद को पत्र भेजकर ईरान की कार्रवाई की निंदा की है। पत्र में कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन, बहरीन, सऊदी अरब और ओमान के खिलाफ आक्रामकता का उल्लेख करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की गई है।
सऊदी में ड्रोन इंटरसेप्ट
सऊदी रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बयान जारी कर बताया कि रियाद और अल-खार्ज शहरों के पास 8 ड्रोन को रोका और नष्ट किया गया। मंत्रालय के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय है और खतरे को निष्क्रिय किया जा चुका है।
इजरायल में अमेरिकी दूतावास को लेकर वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मंगलवार सुबह इजरायल में अमेरिकी दूतावास परिसर में आग लगने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में आग की लपटें दिखती हैं, हालांकि आधिकारिक स्तर पर इस घटना की विस्तृत पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
बढ़ता दबाव, अनिश्चित दिशा
दुबई, कतर और सऊदी में हुए हमलों की श्रृंखला ने खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा को नई चुनौती दी है। एक ओर कई हमलों को इंटरसेप्ट करने के दावे हैं, तो दूसरी ओर घायल नागरिकों और संवेदनशील ठिकानों पर निशाने ने तनाव को और गहरा किया है।
संयुक्त राष्ट्र तक मामला पहुंचने के बाद यह संकट सिर्फ सैन्य टकराव नहीं, बल्कि व्यापक कूटनीतिक परीक्षा में बदलता दिख रहा है। आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और संभावित जवाबी कदम इस पूरे घटनाक्रम की दिशा तय कर सकते हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia