ईरान का बड़ा पलटवार, बहरीन में अमेरिकी अर्ली वार्निंग रडार को बनाया निशाना, कहा- हमले का बदला लिया

IRGC के मुताबिक, उसकी सेना ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी अर्ली वार्निंग रडार सिस्टम पर हमला किया है। ईरान ने इस कार्रवाई को अपने सिरिक इलाके में एक टेलीकम्युनिकेशन टावर पर हुए हमले का जवाब बताया है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने बड़ा दावा किया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक, उसकी सेना ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी अर्ली वार्निंग रडार सिस्टम पर हमला किया है। ईरान ने इस कार्रवाई को अपने सिरिक इलाके में एक टेलीकम्युनिकेशन टावर पर हुए हमले का जवाब बताया है।

इससे पहले बुधवार को ईरान ने अमेरिका को सख्त चेतावनी देते हुए कहा था कि अगर उस पर दोबारा हमला किया गया तो इसका जवाब बेहद कड़ा होगा। तेहरान ने यह भी संकेत दिया था कि उसकी जवाबी कार्रवाई का दायरा केवल मिडिल ईस्ट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दुनिया के दूसरे हिस्सों तक भी पहुंच सकता है।

अमेरिकी सैन्य ठिकानों को लेकर ईरान की चेतावनी

ईरान ने साफ किया था कि अगर यूरोप या किसी अन्य दूर-दराज के क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल उसके खिलाफ हमले के लिए किया जाता है, तो उन ठिकानों को भी निशाना बनाया जा सकता है।

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के महासचिव मोहसेन रेजाई ने बुधवार को एक इंटरव्यू में कहा था कि तेहरान अपनी जवाबी कार्रवाई को आसपास के अमेरिकी सैन्य ठिकानों तक सीमित नहीं रखेगा।

रेजाई के मुताबिक, अगर अमेरिकी लड़ाकू विमान किसी यूरोपीय देश या दुनिया के किसी अन्य हिस्से में स्थित सैन्य अड्डे से उड़ान भरकर ईरान पर हमला करते हैं, तो ईरान उन ठिकानों को भी निशाना बना सकता है।

सिरिक में हमले के जवाब में बहरीन पर कार्रवाई

ईरान पहले ही अमेरिका को अपने हमलों का दायरा बढ़ाने की चेतावनी दे चुका था। अब IRGC ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी अर्ली वार्निंग रडार को निशाना बनाया है।

IRGC के अनुसार, यह कार्रवाई ईरान के सिरिक क्षेत्र में टेलीकम्युनिकेशन टावर पर हुए हमले के जवाब में की गई।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए