ईरान ने नेतन्याहू के दफ्तर पर किया मिसाइल हमला, पीएम के चीफ ऑफ स्टाफ के मारे जाने का किया दावा, इजरायल ने नकारा

ईरान के ताजा मिसाइल हमलों के बाद इजरायल में अलर्ट जारी किया गया है। इजरायली सेना द्वारा ईरान से आने वाली मिसाइलों की चेतावनी के मद्देनजर तेल अवीव और यरुशलम में सायरन बज रहे हैं। खबर है कि यरुशलम के अल-कुद्स में भीषण विस्फोट हुए हैं।

ईरान ने नेतन्याहू के दफ्तर पर किया मिसाइल हमला, पीएम के चीफ ऑफ स्टाफ के मारे जाने का दावा, इजरायल ने नकारा
i
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छिड़े युद्ध से हालात बेकाबू हो चुके हैं। ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई में लगातार अटैक किए जा रहे हैं। इन्हीं सब के बीच में ईरान की ओर से बड़ा दावा किया गया है, जिसमें इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के दफ्तर पर मिसाइल से हमले करने का दावा किया गया है। इसके साथ ही ईरान ने दावा किया है उन्होंने इजरायल के पीएम नेतन्याहू के चीफ ऑफ स्टाफ को मार गिराया है।

आईआरजीसी ने भी दावा किया है कि नेतन्याहू के कार्यालय पर आज सुबह हमला हुआ और फिलहाल उनकी हालत अज्ञात है। हालांकि इजरायल ने ईरान के इस दावे को गलत बताया है। इजरायल ने नेतन्याहू के कार्यालय पर हुए हमले को पूरी तरह से नकार दिया है। इजरायल ने दावा किया है कि पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के ठिकाने के बारे में किसी को जानकारी नहीं है।


वहीं ईरान द्वारा इजरायल पर नए मिसाइल हमले के बाद अलर्ट जारी किया गया है। इजरायली सेना द्वारा ईरान से आने वाली मिसाइलों की चेतावनी के मद्देनजर तेल अवीव और यरुशलम में सायरन बज रहे हैं। यह भी जानकारी मिली है कि यरुशलम के अल-कुद्स में भीषण विस्फोट हुए हैं।

दूसरी तरफ इजरायली सेना ने दावा किया कि ईरान पर हुए हमलों की पहली लहर में दो वरिष्ठ ईरानी खुफिया अधिकारी मारे गए हैं। मृतकों की पहचान सैयद याह्या हामिदी और जलाल पूअर हुसैन के रूप में की गई है। बयान में कहा गया कि हामिदी इजरायल मामलों के खुफिया उप मंत्री थे और उन्होंने ईरान और विदेशों में यहूदियों, पश्चिमी तत्वों और शासन के विरोधियों को निशाना बनाकर आतंकवादी गतिविधियों का नेतृत्व किया। बयान में दावा किया गया कि हुसैन ईरान के खुफिया मंत्रालय में जासूसी विभाग के प्रमुख थे। उनके साथ, अन्य वरिष्ठ आतंकवादियों को भी मार गिराया गया।