'ईरान की मिसाइलों को मिट्टी में मिला देंगे', हमले के बाद ट्रंप का पहला बयान, बोले- तुरंत सरेंडर करे IRGC

ट्रंप ने हमलों की पुष्टि करते हुए आठ मिनट का वीडियो बयान जारी किया। उन्होंने कहा, “इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के सदस्यों, सैन्य बलों और सभी पुलिस कर्मियों से मैं कहना चाहूंगा कि अपने हथियार डाल दें और खुद को बचा लें, वरना आपकी मौत तय है।”

ट्रंप ने तेहरान पर हमले का मकसद 'सरकार गिराना' बताया
i
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर इजरायल के साथ मिलकर की गई कार्रवाई का मकसद वर्तमान सरकार को गिराना और आम ईरानियों को सत्ता पर काबिज होने की छूट देना बताया।

ट्रंप ने हमलों की पुष्टि करते हुए आठ मिनट का वीडियो बयान जारी किया। उन्होंने कहा, “इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड के सदस्यों, सैन्य बलों और सभी पुलिस कर्मियों से मैं कहना चाहूंगा कि अपने हथियार डाल दें और खुद को बचा लें, वरना आपकी मौत तय है।”

ट्रंप का दावा है कि ईरान में अमेरिका का सैन्य ऑपरेशन बहुत बड़ा है और अभी भी चल रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "इस कार्रवाई का मकसद अमेरिका और उसके लोगों को खतरे से बचाना है।" ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी सेना ईरान की मिसाइलों को तबाह करने और उसके मिसाइल प्रोग्राम को खत्म करने की कोशिश कर रही है।


ट्रंप ने आगे कहा कि जून में ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले के बाद भी ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। ईरान ने अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम छोड़ने के विकल्प पर विचार नहीं किया। उन्होंने "हमारी ओर से सुझाए मौके को तरजीह नहीं दी, इसलिए अब और इंतजार नहीं किया जा सकता।"

उन्होंने कहा है कि ईरान में चल रही सैन्य कार्रवाई के दौरान कुछ अमेरिकी सैनिकों की जान जा सकती है। उन्होंने कहा कि युद्ध में ये नुकसान हो सकता है, लेकिन यह कदम भविष्य की सुरक्षा के लिए उठाया जा रहा है।

यूएस के राष्ट्रपति ने ईरानी जनता से कहा, “ईरान के महान लोगों से, मैं कहना चाहता हूं कि आपकी आजादी का समय आ गया है। सुरक्षित रहें। अपने घर से बाहर न निकलें। बाहर बहुत खतरा है। हर जगह बम गिर रहे होंगे।”


फिर सलाह दी, “जब हमारा काम हो जाएगा, तो अपनी सरकार पर कब्जा कर लीजिएगा। यह आपकी होगी। यह शायद पीढ़ियों के लिए आपका एकमात्र मौका होगा।”

 ट्रंप ने अपनी बात को विराम देते हुए कहा, “कई सालों से, आपने अमेरिका से मदद मांगी है, लेकिन आपको कभी नहीं मिली… तो देखते हैं आप कैसे जवाब देते हैं। अमेरिका बहुत पूरी ताकत के साथ आपका साथ दे रहा है। अब समय आ गया है कि आप अपनी किस्मत पर कंट्रोल करें और अपने पास मौजूद खुशहाल और शानदार भविष्य को सामने लाएं। यह एक्शन लेने का समय है। इसे जाने न दें।”

आईएएनएस के इनपुट के साथ

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia