इजराइल का गाजा में हवाई हमले जारी, हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख को बनाया निशाना
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि शुक्रवार शाम सेना द्वारा किए गए हवाई हमले में हमास की ‘कस्साम ब्रिगेड्स’ के प्रमुख अल-हद्दाद को निशाना बनाया गया।

गाजा में इजराइल के एक हवाई हमले में शुक्रवार को हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख को निशाना बनाया गया। हालांकि, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि इज अल-दीन अल-हद्दाद मारा गया है या घायल हुआ है। हमास ने इस हमले को लेकर तुरंत कोई पुष्टि या टिप्पणी नहीं की।
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि शुक्रवार शाम सेना द्वारा किए गए हवाई हमले में हमास की ‘कस्साम ब्रिगेड्स’ के प्रमुख अल-हद्दाद को निशाना बनाया गया।
शुक्रवार शाम गाजा सिटी में कम से कम दो इजराइली हवाई हमले हुए, जिनमें से एक के बारे में इजराइल ने कहा कि उसका लक्ष्य अल-हद्दाद था। एक हमला एक रिहायशी इमारत पर और दूसरा एक वाहन पर किया गया। ‘फलस्तीन रेड क्रिसेंट सोसाइटी’ के सराया फील्ड अस्पताल और शिफा अस्पताल के स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार इन हमलों में सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
नेतन्याहू और काट्ज ने एक बयान में कहा कि अल-हद्दाद सात अक्टूबर के हमले के ‘‘मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था।’’
अक्टूबर में हुए नाजुक युद्धविराम समझौते के बावजूद गाजा में लगभग रोज इजराइली हमले जारी हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार तब से अब तक 850 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।
फलस्तीनी नागरिकों ने बताया कि अल-हद्दाद को निशाना बनाकर किए गए हमले के बाद भी कई हवाई हमले हुए। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इजराइली सेना किन ठिकानों को निशाना बना रही थी।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
