Shinzo Abe Attack: जानें कौन है जापान के पूर्व PM आबे का हत्यारा? पुलिस की पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा!

बताया जा रहा है कि यामागामी नारा शहर का ही रहने वाला था। उसने जापान की मैरिटाइम स्पेशल डिफेंस फोर्स में भी काम किया था। उसने 2005 तक करीब तीन साल वहां काम किया था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की आज सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। आबे पर ये हमला जापान में होने वाले ऊपरी सदन के चुनाव कैंपेनिंग के दौरान हुआ। हमले के बाद आबे को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने वाला हत्यारा भी पुलिस की गिरफ्त में है।

फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि आखिर इस घटना को अंजाम क्यों दिया गया? हमलावर का मकसद क्या था? हालांकि शुरूआती खबरों की मानें तो हमलावर शिंजो आबे की जान लेना चाहता था क्योंकि वह कई बातों को लेकर शिंजो से संतुष्ट नहीं था।

यामागामी तेत्सुया के रूप में हुई हमलावर की पहचान

शिंजो आबे पर ये हमला शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे के आसपास हुआ। हमलावर की पहचान यामागामी तेत्सुया के रूप में हुई है। आबे ने जैसे ही बोलना शुरू किया, वैसे ही उनपर पीछे खड़े हमलावर ने गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले की उम्र 41 साल है। गोली चलाने के बाद यामागामी ने वहां से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

जापान की मैरिटाइम स्पेशल डिफेंस फोर्स में भी काम कर चुका है हत्यारा

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, पूछताछ में यामागामी ने बताया है कि वो आबे की किसी बात से 'नाराज' था, इसलिए उनकी जान लेना चाहता था। यामागामी के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है। हालांकि, बताया जा रहा है कि यामागामी नारा शहर का ही रहने वाला था। उसने जापान की मैरिटाइम स्पेशल डिफेंस फोर्स में भी काम किया था। उसने 2005 तक करीब तीन साल वहां काम किया था। मैरिटाइम स्पेशल डिफेंस फोर्स को जापान की नेवी के रूप में भी जाना जाता है। पुलिस ने मौके से एक हैंडमेड गन भी बरामद की है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */