न्यूजीलैंड आम चुनाव में उदारवादी पीएम जेसिंडा अर्डर्न की शानदार जीत, सेंटर-लेफ्ट लेबर पार्टी को भारी बहुमत

चुनाव नतीजों के बाद अपने संबोधन में जेसिंडा अर्डर्न ने कहा कि न्यूजीलैंड ने लगभग 50 साल में लेबर पार्टी को अपना सबसे ज्यादा समर्थन दिया है। हम इस समर्थन को हल्के में नहीं लेंगे और एक ऐसी पार्टी बनेंगे जो हर न्यूजीलैंड वासी के लिए शासन करेगी।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया
user

आसिफ एस खान

न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न की पार्टी ने शनिवार को देश के आम चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही जेसिंडा अर्डर्न दूसरी बार देश का कार्यभार संभालेंगी। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, अर्डर्न की सत्तारूढ़ सेंटर-लेफ्ट लेबर पार्टी ने 49 प्रतिशत वोट हासिल किया है और इसके 64 सीटें जीतने का अनुमान लगाया गया है।

फिलहाल ये आंकड़ें एकतरफा बहुमत के लिए पर्याप्त हैं। ऐसा देश में पहली बार होगा। न्यूजीलैंड के चुनाव आयोग के अनुसार मुख्य विपक्षी सेंटर-राइट नेशनल पार्टी ने वर्तमान में 27 प्रतिशत मतों के साथ चुनाव में हार स्वीकार कर ली है। वहीं एसीटी न्यूजीलैंड और ग्रीन पार्टियां 8 फीसदी वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

चुनाव नतीजों के बाद अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए जेसिंडा अर्डर्न ने कहा, "न्यूजीलैंड ने लगभग 50 वर्षो में लेबर पार्टी को अपना सबसे ज्यादा समर्थन दिया है। हम आपके समर्थन को हल्के में नहीं लेंगे। और मैं आपसे वादा कर सकती हूं कि हम एक ऐसी पार्टी बनेंगे जो हर न्यूजीलैंडवासी के लिए शासन करेगी।"

बता दें कि देश में आम चुनाव के लिए 3 अक्टूबर को शुरू हुआ मतदान शनिवार को शाम 7 बजे खत्म होगा, जिसके बाद आम चुनाव के प्रारंभिक परिणाम जारी किए जाएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, चुनाव परिणामों को प्राथमिकता दी जाएगी और शनिवार रात दो जनमत संग्रहों में दर्ज वोटों की गिनती की जाएगी। इसके बाद प्रारंभिक जनमत संग्रह के परिणाम 30 अक्टूबर को जारी किए जाएंगे और चुनाव और जनमत संग्रह के आधिकारिक परिणाम 6 नवंबर को जारी किए जाएंगे।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 17 Oct 2020, 5:24 PM