'जिंदा रहना है तो तुरंत निकल जाओ', जंग के बीच मिडिल ईस्ट में अमेरिकियों के लिए अलर्ट

बढ़ते सुरक्षा खतरे को देखते हुए अमेरिकी विदेश विभाग ने मध्य पूर्व के 14 देशों में मौजूद अपने नागरिकों को तुरंत वहां से निकलने की सलाह जारी की है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका और इज़रायल की ओर से ईरान पर की जा रही सैन्य कार्रवाई के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। बढ़ते सुरक्षा खतरे को देखते हुए अमेरिकी विदेश विभाग ने मध्य पूर्व के 14 देशों में मौजूद अपने नागरिकों को तुरंत वहां से निकलने की सलाह जारी की है।

असिस्टेंट सेक्रेटरी फॉर कंसुलर अफेयर्स मोरा नामदार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि “गंभीर सुरक्षा जोखिमों” को ध्यान में रखते हुए अमेरिकी नागरिक उपलब्ध कमर्शियल उड़ानों या किसी भी सुरक्षित साधन से तत्काल क्षेत्र छोड़ दें। यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी दूतावासों और सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज कर दिए हैं।

रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हमला

ताजा घटनाक्रम में रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाया गया। दो ड्रोन दूतावास परिसर की ओर बढ़े, जिससे इमारत में मामूली आग लग गई और कुछ सामग्री को नुकसान पहुंचा। सऊदी रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई जानमाल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

दूतावास प्रशासन ने रियाद, जेद्दा और धहरान में रह रहे अमेरिकियों को ‘शेल्टर इन प्लेस’ यानी घरों के अंदर सुरक्षित रहने की सलाह दी है और दूतावास आने से मना किया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में धुआं और आग के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

14 देशों के लिए एडवाइजरी

विदेश विभाग ने जिन देशों के लिए तत्काल प्रस्थान की सलाह दी है, उनमें बहरीन, मिस्र, ईरान, इराक, इजरायल, वेस्ट बैंक और गाजा, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब, सीरिया, संयुक्त अरब अमीरात और यमन शामिल हैं। विभाग का कहना है कि जोखिम का स्तर अत्यंत गंभीर है और जहां भी व्यावसायिक उड़ानें उपलब्ध हों, उनका उपयोग कर क्षेत्र छोड़ दिया जाए।

कई हवाई अड्डों पर उड़ानें रद्द हो रही हैं, लेकिन जो सेवाएं चालू हैं, उनका लाभ उठाने की अपील की गई है। सहायता के लिए विदेश से +1-202-501-4444 और अमेरिका के भीतर से +1-888-407-4747 पर संपर्क करने को कहा गया है। साथ ही नागरिकों को STEP.gov पर पंजीकरण करने की सलाह दी गई है।

अमेरिका ने अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए इमरजेंसी टास्क फोर्स सक्रिय कर दी है, हालांकि फिलहाल निकासी के लिए मुख्य रूप से कमर्शियल उड़ानों पर ही निर्भरता है। विदेश विभाग ने क्षेत्र में मौजूद सभी अमेरिकियों से आधिकारिक वेबसाइट और अपडेट्स पर नजर रखने तथा जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है।