कोरोना के मरीजों में तो हैरान करने वाले बदलाव, लोगों को हो रही ये नई समस्या
कोरोना वायरस के कारण लोगों में कई बदलाव देखे जा रहे हैं। पहले जहां खाने-पीने की चीजों का स्वाद और गंध का महसूस न होना इसके लक्षणों में से एक थे, वहीं अब जिन लोगों में कोरोना लंबे समय तक रह जाता है उन्हें अब कुछ और भी महसूस हो रहा है।

कोरोना वायरस के कारण लोगों में कई बदलाव देखे जा रहे हैं। पहले जहां खाने-पीने की चीजों का स्वाद और गंध का महसूस न होना इसके लक्षणों में से एक थे, वहीं अब जिन लोगों में कोरोना लंबे समय तक रह जाता है उन्हें अब कुछ और भी महसूस हो रहा है। ब्रिटेन के प्रसिद्ध ईएनटी सर्जन प्रोफेसर निर्मल कुमार का कहना है कि कोरोना से लंबे समय तक पीड़ित लोगों को मछली की तेज गंध, सल्फर और किसी बीमारी की सी दुर्गंध आ रही है।
कई लोग इस असामान्य साइड इफेक्ट के शिकार हो रहे हैं। इसे पेरोस्मिया कहा जाता है जिसमें सूंघने की क्षमता बिगड़ जाती है। ये लक्षण खासतौर से युवाओं और हेल्थवर्कर्स में पाया जा रहा है। बता दें कि डॉक्टर कुमार उन डॉक्टर्स की टीम में से एक हैं जिन्होंने मार्च के महीने में कोरोना वायरस के एक प्रमुख लक्षण के रूप में एनोस्मिया यानी सूंघने की क्षमता में कमी की पहचान की थी।
प्रोफेसर कुमार ने अंग्रेजी न्यूज चैनल स्काई न्यूज को बताया कि यूके में लंबे समय से एनोस्मिया का इलाज करा रहे कोरोना के हजारों मरीजों में से कुछ लोगों को पेरोस्मिया का अनुभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि इन मरीजों को सूंघने की क्षमता भ्रमित हो रही है। ज्यादातर मरीजों को कुछ दुर्गंध आती रहती है जिसकी वजह से वो परेशान हो रहे हैं और इसका असर उनकी जिंदगी पर पड़ रहा है।
इस तरह की समस्याएं उन लोगों में हो रही है जो लंबे समय तक कोरोना वायरस से संक्रमित रहे हैं। डॉक्टर कुमार ने कहा, 'कुछ लोग मतिभ्रम, सही से नींद ना आना, ठीक से सुनाई ना देने जैसे लक्षण बता रहे हैं। हम इसका सटीक कारण तो नहीं जानते हैं लेकिन इन मरीजों को ठीक करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
लंदन के 24 साल के डैनियल सेवेस्की ने स्काई न्यूज को बताया कि मार्च के महीने में कोरोना वायरस होने के बाद दो हफ्ते तक उन्होंने अपने स्वाद और गंध की क्षमता खो दी थी और अब वो पेरोस्मिया से पीड़ित हैं। सेवेस्की ने बताया कि उन्हें सल्फर या टोस्ट जलने जैसी बदबू आती रहती है। सेवेस्की ने कहा कि वो अब पहले की तरह लुत्फ उठाकर खाना नहीं खा पाते हैं।
लिन कॉर्बेट नाम की एक अन्य महिला ने बताया कि कि मार्च के महीने में उनके स्वाद और गंध की क्षमता चली गई थी। जून के महीने में उनके सूंघने की क्षमता वापस आने लगी लेकिन ये पहले जैसी नहीं थी। कॉर्बेट कहती हैं, 'मुझे ज्यादातर खराब गंध आती है जिसे मैंने पहले कभी नहीं महसूस किया था। मुझे कॉफी बहुत पसंद थी लेकिन अब उसमें से मुझे बीयर और पेट्रोल जैसी बदबू आती है।'
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 28 Dec 2020, 2:00 PM
