पाकिस्तान का अफगानिस्तान के काबुल में बड़ा हमला, एयर स्ट्राइक में 400 लोगों की मौत, 250 घायल, अस्पताल को बनाया निशाना
रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है। हमले में 400 लोग मारे गए हैं, जबकि 250 लोग घायल हुए हैं।

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक अस्पताल पर पाकिस्तानी हवाई हमले में 400 लोगों की मौत हो गई। अफगानिस्तान के सरकारी उप प्रवक्ता ने मंगलवार सुबह यह जानकारी दी।पाकिस्तान ने जिस अस्पताल पर हमला किया है वहां नशे के आदी लोगों का इलाज किया जाता था।
उप प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सोमवार रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है। हमले में 400 लोग मारे गए हैं, जबकि 250 लोग घायल हुए हैं।
फितरत ने कहा कि बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
पाकिस्तान ने आरोपों को किया खारिज
पाकिस्तान ने इससे पहले इस बात से इनकार किया था कि उसने अस्पताल पर हमला किया है और कहा था कि सोमवार को काबुल में और पूर्वी अफगानिस्तान में हमलों में किसी भी नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाया गया।
अफगानिस्तान ने सोमवार को पाकिस्तान की सेना पर काबुल के उस अस्पताल को हवाई हमले में निशाना बनाने का आरोप लगाया, जहां नशे के आदी लोगों का इलाज किया जाता है। तब देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि इन हमलों में 200 से अधिक लोग मारे गए हैं।
पाकिस्तान ने इस आरोप को खारिज किया था।
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने स्थानीय मीडिया को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि हमले में नशा मुक्ति अस्पताल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया है।
कई दिनों से चल रहा है तनाव
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच यह तनाव काफी लंबे समय से चल रहा है। दोनों ही देशों की तरफ से एक दूसरे पर हमले किए जा रहे हैं। इन हमलों में अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। अफगानिस्तान में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरा सबसे बड़ा हमला है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान में संघर्ष की शुरुआत 22 फरवरी को हुई थी। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में एयर स्ट्राइक की थी।
अफगानिस्तान पर हुए हमलों को लेकर क्रिकेटर राशिद खान ने भी गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हमलों के वीडियो शेयर करते हुए इस मामले में यूएन से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia