कोहिनूर हीरे पर ममदानी का बयान: 'महाराजा चार्ल्स को लौटाने के लिए करूंगा प्रेरित'

ममदानी से प्रेस ने पूछा कि वह महाराजा से मिलने पर क्या कहेंगे, इस पर उन्होंने कहा कि अगर मैं महाराजा से अलग से बात करता तो मैं संभवत: उन्हें कोहिनूर हीरा लौटाने के लिए प्रोत्साहित करता।’

फोटोः सोशल मीडिया
i
user

पीटीआई (भाषा)

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने कहा कि वह महाराजा चार्ल्स तृतीय को कोहिनूर हीरा लौटाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। ब्रिटेन के महाराजा चार्ल्स अमेरिका की राजकीय यात्रा पर आए हुए थे।

ममदानी ने बुधवार को उनसे मुलाकात करने से पहले संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया जिसमें उनसे पूछा गया था कि वह महाराजा से मिलने पर क्या कहेंगे, इस पर उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैं महाराजा से अलग से बात करता तो मैं संभवत: उन्हें कोहिनूर हीरा लौटाने के लिए प्रोत्साहित करता।’’

मंगलवार को महाराजा चार्ल्स ने अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। अमेरिका यात्रा के दौरान उन्हें और महारानी कैमिला को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में ट्रंप एवं प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप द्वारा आयोजित राजकीय रात्रिभोज में सम्मानित किया गया था।

महाराजा चार्ल्स और महारानी कैमिला ने न्यूयॉर्क में स्थित 9/11 स्मारक का दौरा किया और आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने अपर मैनहट्टन में बच्चों और परिवारों का समर्थन करने वाले शहरी फार्म के नेटवर्क ‘हार्लेम ग्रोन’ का भी दौरा किया।


ममदानी ने 9/11 स्मारक पर महाराजा चार्ल्स से मुलाकात की। 105.6 कैरेट का कोहिनूर हीरा महाराजा दलीप सिंह द्वारा 1849 में महारानी विक्टोरिया को भेंट किया गया था। इसे 1937 में महारानी ने अपने मुकुट में जड़वाया था।

भारत ने संकेत दिया है कि वह ब्रिटेन से कोहिनूर हीरे को वापस लाने के तरीकों का पता लगाना जारी रखेगा।

भारत समय-समय पर ब्रिटेन सरकार के समक्ष इस मुद्दे को उठाता रहा है और उसने कहा है कि वह इस मामले का संतोषजनक समाधान निकालने के लिए प्रयासरत रहेगा।

कोहिनूर हीरा वर्तमान में लंदन टावर में रखा गया है। हिस्टोरिक रॉयल पैलेसेस चैरिटी के अनुसार, महारानी एलिजाबेथ के मुकुट में जड़े इस हीरे के कई पूर्व मालिक रहे हैं जिनमें मुगल सम्राट, ईरान के शाह, अफगानिस्तान के अमीर और सिख महाराजा शामिल हैं।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia