बलूचिस्तान में बड़े पैमाने पर पाक सेना पर हमला, विद्रोहियों ने कई कैंप को बनाया निशाना, हाईवे किया हाईजैक

बलूचिस्तान के ग्वादर जिले में विद्रोहियों ने नाकेबंदी के दौरान पांच पंजाबियों की गोली मारकर हत्या कर दी। पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया कि इन सभी को गाड़ियों में पहचान के बाद गोली मारी गई। वहीं, तुर्बत में लोगों ने देर शाम गोलियां चलने के साथ कई विस्फोट की आवाजें सुनीं।

बलूचिस्तान में बड़े पैमाने पर पाक सेना पर हमला, विद्रोहियों ने कई कैंप को बनाया निशाना, हाईवे किया हाईजैक
i
user

नवजीवन डेस्क

पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में बलूच अलगाववादियों ने एक बार फिर पाकिस्तानी सेना के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। बलूच अलगाववादियों ने बुधवार रात बलूचिस्तान प्रांत के कई जिलों में पाकिस्तानी सेना के कैंपों को निशाना बनाया है। हमलावरों ने तुर्बत में पाकिस्तानी सैन्य बलों के मुख्य शिविर पर भी हमला किया। विद्रोहियों ने बलूचिस्तान के ग्वादर, केच और बोलन में एक साथ पाक सेना पर हमला किया।

रणनीतिक हाईवे पर किया कब्जा

इसके अलावा खबर है कि अलगाववादियों ने कई शहरों को जोड़ने वाले रणनीतिक हाईवे पर भी कब्जा कर लिया है। बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, सशस्त्र बलूच विद्रोहियों ने केच जिले में चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर राजमार्ग पर कई ट्रकों पर भी हमला कर दिया है। खबर के अनुसार, विद्रोहियों ने इस दौरान चार ट्रकों में आग भी लगा दी है।

पांच पंजाबियों की हत्या

खबर के मुताबिक, बलूचिस्तान के ग्वादर जिले में विद्रोहियों ने नाकेबंदी के दौरान पांच पंजाबियों की गोली मारकर हत्या कर दी। पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया कि इन सभी लोगों को नाकेबंदी के दौरान गाड़ियों में पहचान के बाद गोली मारी गई। वहीं, तुर्बत जिले में लोगों ने देर शाम गोलियां चलने के साथ कई विस्फोट की आवाजें सुनीं। इन आवाजों को सुनकर लोगों में दहशत फैल गई।

सेना के शिविर को निशाना बनाया

बलूच मीडिया की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि सशस्त्र बलूच समूहों के लड़ाके भारी संख्या में विभिन्न जिलों में सड़कों पर हथियार के साथ गश्त करते हुए देखे गए। तुर्बत के अलावा बलूचिस्तान के मंड इलाके में भी पाकिस्तानी सेना के शिविर को निशाना बनाया गया है।


बलूचिस्तान में बलूच अलगाववादियों के हमले के कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए हैं। वीडियो में हथियारबंद लड़ाके क्वेटा-कराची राजमार्ग को मस्तंग के पास अलग-अलग इलाकों में नाकेबंदी करते दिख रहे हैं। वहीं, कुछ वीडियो में विद्रोहियों को भारी असलहों के साथ मोटरसाइकिलों से जाते देखा गया।

बलूचिस्तान में तनावपूर्ण स्थिति

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पिछले कुछ समय से लगातार तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। अलगाववादी सशस्त्र समूह पाकिस्तानी सेना और अन्य सुरक्षा बलों के खिलाफ व्यापक तौर पर अभियान चला रहे हैं। हाल ही में अलगाववादियों ने यात्रियों से भरी एक पूरी ट्रेन को बंधक बना लिया था। पाकिस्तानी सेना कई दिनों के ऑपरेशन और कई लोगों की मौत के बाद ट्रेन और बंधकों को छुड़ा पाई।

उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में दो जवानों की मौत

वहीं उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में बुधवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाया, जिसमें दो सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।अधिकारियों बताया कि बंदूकधारियों ने दक्षिण वजीरिस्तान की सीमा से लगे डेरा इस्माइल खान जिले के दरबान इलाके में सुरक्षा बलों के काफिले पर घात लगाकर हमला किया।

अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के दौरान दो सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। वहीं, खैबर पख्तूनख्वा के हांगू जिले में आतंकवाद निरोधक विभाग (सीटीडी) के एक अभियान में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के एक कुख्यात कमांडर को मार गिराया गया।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia