चीन में कोयला खदान में भीषण गैस धमाका, 90 से ज्यादा लोगों की मौत, कई लोग अभी भी लापता
राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने व्यापक पैमाने पर बचाव अभियान चलाने और घायलों का इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे के बाद की स्थिति से उचित तरीके से निपटने, इसके कारणों की गहन जांच करने और कानून के अनुसार जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिए।
चीन के उत्तरी शानशी प्रांत के एक कोयला खदान में भीषण गैस विस्फोट का मामला सामने आया है। इस घटना में लगभग 90 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। गैस विस्फोट शुक्रवार शाम लिउशेन्यु कोयला खदान में हुआ। हादसे के समय खदान में 247 खनिक मौजूद थे।
सरकारी मीडिया की खबर के अनुसार, उत्तरी चीन के शानशी प्रांत के क्विनयुआन काउंटी में कोयला खदान में विस्फोट होने से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है। इसके अनुसार बचाए गए लोगों में से लगभग 123 लोगों का अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। खबर के अनुसार नौ लोग अभी भी लापता हैं और बचाव अभियान जारी है। एक बचावकर्मी ने बताया, ‘‘जब तक उम्मीद है, हम लोगों को बचाने का हर संभव प्रयास करेंगे।’’
न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा स्थानीय समयानुसार शुक्रवार रात 9:43 बजे चांगजी के किनयुआन काउंटी में लिउशेन्यू कोयला खदान में हुआ, जहां उस समय कुल 247 मजदूर जमीन के नीचे थे। शनिवार सुबह 3:33 बजे तक 157 लोगों को निकाला जा चुका था, जिनमें से चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी थी। कुल 90 लोग जमीन के नीचे ही थे, जिनमें से 16 की हालत गंभीर थी।
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने व्यापक पैमाने पर बचाव अभियान चलाए जाने और घायलों का उपचार सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे के बाद की स्थिति से उचित तरीके से निपटने, इसके कारणों की गहन जांच करने और कानून के अनुसार जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिए।
चिनफिंग ने कहा कि इस हादसे से देशभर के प्राधिकारियों को सबक लेना चाहिए, कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए और संभावित जोखिमों की पहचान कर उन्हें दूर करने के प्रयास तेज करने चाहिए, ताकि हादसों को रोका जा सके। चूंकि चीन में बाढ़ का मौसम आ गया है, इसलिए उन्होंने लोगों की जान और माल की सुरक्षा के लिए इमरजेंसी की तैयारी को मजबूत करने और बाढ़ कंट्रोल और आपदा राहत के ठोस उपायों की भी अपील की।
चीन में हालांकि इस तरह की घटनाएं लगभग हर साल होती हैं, लेकिन सबसे भीषण खनन दुर्घटना 2005 में हुई थी, जिसमें चीन के उत्तरपूर्वी हिस्से में स्थित लियाओनिंग प्रांत की सुनजियावान कोयला खदान में गैस विस्फोट के बाद 214 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
