ठप पड़ीं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं, कंपनियों को हो रहा करोड़ों का नुकसान, एयर इंडिया और इंडिगो ने जारी किया अलर्ट

आउटेज-ट्रैकिंग वेबसाइट 'डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम' पर आउटलुक से जुड़ी समस्याओं की 1 लाख से अधिक रिपोर्ट दर्ज की गईं। इस रुकावट का असर ओपनएआई और एंथ्रोपिक की एआई सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले कनेक्टर्स पर भी पड़ा।

ठप पड़ीं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं, कंपनियों को हो रहा करोड़ों का नुकसान, एयर इंडिया और इंडिगो ने जारी किया अलर्ट
i

भारत समेत दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठप पड़ गई, जिसके कारण यूजर्स आउटलुक और टीम्स जैसे प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल नहीं कर पाए। यूजर्स को इन प्लेटफॉर्म्स में भारी आउटेज का सामना करना पड़ा है। इसकी वजह से 74 देश प्रभावित हुए हैं और बिजनेस पर भी इसका असर दिखाई दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हर घंटे करीब 94 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है।

माइक्रोसॉफ्ट ने क्या कहा?

आउटेज-ट्रैकिंग वेबसाइट 'डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम' पर आउटलुक से जुड़ी समस्याओं की 1 लाख से अधिक रिपोर्ट दर्ज की गईं। इस रुकावट का असर ओपनएआई और एंथ्रोपिक की एआई सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले कनेक्टर्स पर भी पड़ा।

माइक्रोसॉफ्ट ने एक बयान में कहा, "हम इस समस्या के असर को कम करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।" कंपनी ने यह भी बताया कि वह अपने एडमिन सेंटर के जरिए लगातार अपडेट दे रही है।

अपने ताजा अपडेट में माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि यह समस्या 'बड़ी संख्या में सर्वरों के अचानक ठप हो जाने' की वजह से आई है। हालांकि कंपनी ने इसके सटीक कारण नहीं बताए। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह अभी भी इस आउटेज की जांच कर रही है।


माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि उसके कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर पर 'बहुत अधिक लोड' आ गया है और वे इस लोड को संतुलित करने के लिए कनेक्शन ट्रैफिक को अपने वैश्विक इंफ्रास्ट्रक्चर पर फिर से बांट रहे हैं।

टेक कंपनी ने बताया कि उसकी टीम ने सभी नए डिप्लॉयमेंट रोक दिए हैं, प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर से ट्रैफिक को दूसरी जगह भेजा जा रहा है और प्रभावित सर्वरों को फिर से शुरू किया जा रहा है, ताकि सेवाएं बहाल हो सकें। कंपनी का कहना है कि इस आउटेज से उसका 'डिफेंडर एक्सडीआर' सुरक्षा सिस्टम भी प्रभावित हुआ है।

इंडिगो सेवाएं बाधित 

 माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में व्यवधान के कारण विमानन कंपनी इंडिगो की ईमेल सहायता सेवाएं प्रभावित हुई हैं। वहीं, एयर इंडिया के संचार माध्यमों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है।

देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि सहायता के अन्य सभी माध्यम उपलब्ध हैं।

विमानन कंपनी ने कहा, ‘‘माइक्रोसॉफ्ट की वैश्विक सेवा में व्यवधान के कारण हमारी ईमेल सहायता सेवाएं फिलहाल प्रभावित हैं और हम आपके ईमेल प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।’’


एयर इंडिया ने क्या कहा?

एयर इंडिया ने ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि वह माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में जारी व्यवधान पर करीबी नजर रख रही है और उसकी उड़ान सेवाएं अप्रभावित हैं। विमानन कंपनी ने कहा कि उसके किसी भी संचार माध्यम पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ा है।

उसने कहा, ‘‘निर्बाध सहायता सुनिश्चित करने के लिए हमने अस्थायी रूप से अपने ईमेल का माध्यम बदल दिया है, ताकि हर संदेश बिना किसी रुकावट के हम तक पहुंचता रहे। हम सभी ईमेल का जवाब अपनी सामान्य 24 घंटे की समयसीमा के भीतर दे रहे हैं।’’

माइक्रोसॉफ्ट की सेवा लगातार दूसरे दिन बाधित 

गौरतलब है कि माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक और टीम्स समेत कई सेवाओं में लगातार दूसरे दिन भी व्यवधान बना रहा, जिससे भारत सहित दुनियाभर के उपयोगकर्ताओं को परेशानी हुई।

कंपनी ने कहा है कि वह समस्या के कारणों का पता लगा रही है और फिलहाल उसे किसी दुर्भावनापूर्ण गतिविधि की जानकारी नहीं है।

इससे पहले, माइक्रोसॉफ्ट ने बताया था कि उसने उत्तरी अमेरिका में 'टीम्स' सेवा में आई रुकावट को ठीक कर लिया है और समस्या पूरी तरह सुलझ गई है। बाद में कंपनी ने कहा कि यह समस्या अन्य क्षेत्रों के उपयोगकर्ताओं के लिए 'माइक्रोसॉफ्ट 365' सेवा की कनेक्टिविटी को भी प्रभावित कर सकती है।

आईएएनएस और पीटीआई के इनपुट के साथ