ईरान युद्ध के बीच कतर में मिलिट्री हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 लोगों की मौत, समुद्र में गिरा मलबा
हेलीकॉप्टर में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 6 के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक व्यक्ति की तलाश अब भी जारी है। हादसे के तुरंत बाद विशेष समुद्री रेस्क्यू टीमों को मौके पर तैनात कर दिया गया।

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के माहौल में कतर से एक बड़ी खबर सामने आई है। कतर के समुद्री क्षेत्र में सेना का एक मिलिट्री हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
रविवार को हुए इस हादसे की पुष्टि कतर के आंतरिक मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर की। मंत्रालय के अनुसार, हेलीकॉप्टर में कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें से 6 के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक व्यक्ति की तलाश अब भी जारी है। हादसे के तुरंत बाद विशेष समुद्री रेस्क्यू टीमों को मौके पर तैनात कर दिया गया।
मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि कोस्ट्स और बॉर्डर्स सिक्योरिटी की समुद्री तलाशी टीम, आंतरिक सुरक्षा बल (लेखविया) और कतर अंतरराष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू ग्रुप मिलकर संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रहे हैं। सभी एजेंसियां समन्वय के साथ लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई हैं।
वहीं कतर के रक्षा मंत्रालय ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि यह हेलीकॉप्टर नियमित ड्यूटी के दौरान तकनीकी खराबी के कारण समुद्र में गिरा। मंत्रालय ने यह भी साफ किया कि हादसे के पीछे किसी भी तरह की दुश्मन कार्रवाई या हमले का कोई संकेत नहीं मिला है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
हालांकि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब मध्य पूर्व में तनाव लगातार बढ़ा हुआ है और पिछले कुछ हफ्तों से कतर में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को लेकर भी क्षेत्रीय गतिविधियां तेज रही हैं। शुरुआत में इस हादसे को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं, लेकिन रक्षा मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि यह पूरी तरह तकनीकी खराबी की वजह से हुआ हादसा है, किसी बाहरी हमले से इसका कोई संबंध नहीं है।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia