अमेरिका-ईरान के बीच फिर बढ़ा सैन्य तनाव, रडार सिस्टम पर हमले का US ने दिया जवाब, ईरान के मिसाइल बेस पर दागीं मिसाइलें

अमेरिका ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य रडार पर ईरान के हमले के जवाब में केशम द्वीप स्थित मिसाइल ठिकाने पर हवाई हमला किया।

फोटो: सोशल मीडिया
i

अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष एक बार फिर तेज होता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित ईरान के केशम द्वीप पर मिसाइल लॉन्च साइट को निशाना बनाया। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब ईरान ने बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य रडार सिस्टम पर हमला करने का दावा किया था। दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।

जवाबी हमले में यूएस ने मिसाइल लॉन्च ठिकानों को निशाना बनाया

एक अमेरिकी सैन्य अधिकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मिसाइल लॉन्च ठिकानों को निशाना बनाया गया। अमेरिका ने इसे अपने सैनिकों और सैन्य ठिकानों के खिलाफ ईरान की आक्रामक गतिविधियों का जवाब बताया है। हालांकि, ईरानी मीडिया ने एक अधिकारी के हवाले से कहा कि अमेरिकी हमले में किसी भी बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचा।

इससे पहले IRGC ने दावा किया था कि उसने बहरीन के शेख ईसा एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी सैन्य रडार सिस्टम को निशाना बनाया। वहीं, बहरीन सरकार का कहना है कि उसने इस हमले को नाकाम कर दिया और घटना में न तो कोई हताहत हुआ और न ही किसी तरह के नुकसान की सूचना मिली। उल्लेखनीय है कि बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय स्थित है।

तनाव के बीच कूटनीति की कोशिशें तेज

अमेरिका और ईरान के बीच ताजा सैन्य कार्रवाई ऐसे वक्त हुई है, जब दोनों देशों के बीच संघर्ष समाप्त कराने के लिए कई स्तरों पर बातचीत चल रही है। पिछले करीब नौ महीनों से जारी इस युद्ध का असर पूरे मध्य पूर्व पर पड़ा है। इसके कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला है।

युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत मंगलवार को कतर और ईरान के अधिकारियों के बीच बातचीत हुई। कतर के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने बताया कि बैठक में दोनों पक्षों के प्रस्तावों के बीच सहमति बनाने और आपसी मतभेदों को दूर करने के विकल्पों पर चर्चा की गई।

इसी बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ओमान पहुंचे, जहां उन्होंने अपने ओमानी समकक्ष के साथ मुलाकात की। इस दौरान समुद्री सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों को सामान्य बनाए रखने जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। ओमान और कतर दोनों ही क्षेत्र में संघर्ष को और फैलने से रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए