अमेरिका गोलीबारी से फिर दहला, हाईराइज बिल्डिंग में फायरिंग, 2 की मौत, संदिग्ध भी मारा गया, 3 पुलिसकर्मी घायल
मिनियापोलिस की हाईराइज अपार्टमेंट बिल्डिंग में हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई। इस दौरान संदिग्ध भी मारा गया। तीन पुलिसकर्मी घोयल हुए हैं।

अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना ने लोगों को दहला दिया। मिनियापोलिस में बुधवार की शाम एक हाईराइज अपार्टमेंट बिल्डिंग में अचानक गोलियां चलने से हड़कंप मच गया। शहर के बीचों-बीच हुई इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि गोली चलाने वाला संदिग्ध भी मारा गया। घटना के दौरान तीन पुलिसकर्मी घायल हुए। इनमें दो अधिकारियों को गोली लगी। हेन्नेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर के मुताबिक, तीनों पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर है।
गोलीबारी की घटना के तुरंत बिल्डिंग में पहुंची पुलिस
मिनियापोलिस पुलिस के सार्जेंट गैरेट पार्टेन ने बुधवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शाम करीब 4:30 बजे के तुरंत बाद बिल्डिंग में गोली चलने की सूचना के लिए 911 पर कॉल आई। इसके करीब तीन मिनट के भीतर पुलिस अधिकारी हाईराइज बिल्डिंग के अंदर पहुंच गए। वहां उन्हें गोली लगने से घायल लोग मिले। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने ऊपर की मंजिल से फिर गोलियों की आवाज सुनी और उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचे। पार्टेन के मुताबिक, ऊपर की मंजिल पर ऐसा धुंध जैसा माहौल था कि पुलिसकर्मियों को ठीक से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।
तीन पुलिसकर्मी घायल
पुलिस के मुताबिक, एक अधिकारी के पैर में गोली लगी थी और उसे अस्पताल ले जाया गया। दो अन्य घायल अधिकारियों को भी अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से एक की सर्जरी की जा रही थी। मेडिकल सेंटर ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर है। गोलीबारी में मारे गए दो लोगों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। गोली चलाने वाले संदिग्ध की मौत किस तरह हुई, यह उस समय तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका था।
हाथ में पिस्तौल लिए दिखा शख्स
घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी मिनियापोलिस कन्वेंशन सेंटर के पास मौजूद एक ऊंची अपार्टमेंट बिल्डिंग की तरफ राइफल ताने दिखाई दिए। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, जूलियस बेली घटना के समय अपने अपार्टमेंट की बिल्डिंग के बाहर बैठे थे। उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी और एक ऐसे व्यक्ति को देखा, जिसे वह बिल्डिंग के रहने वाले के तौर पर पहचानते थे। उसके हाथ में पिस्तौल थी। बेली ने बताया कि उन्होंने एक महिला को चीखते हुए सुना और तुरंत वहां से भागने लगे। उनके मुताबिक उन्होंने कुल आठ गोलियों की आवाज गिनी।
बेली ने कहा कि वह उस व्यक्ति को पहले से जानते थे और वह अक्सर सबके सामने बंदूक लहराने के लिए जाना जाता था। जून में इस बिल्डिंग में रहने के लिए आने के बाद से बेली उससे दूरी बनाकर चल रहे थे। उनका कहना था कि उन्हें पहले ही अंदाजा हो गया था कि यह व्यक्ति किसी दिन परेशानी खड़ी कर सकता है। घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
