दुनिया की 5 बड़ी खबरें: मंगल पर NASA के इनजेनिटी हेलिकॉप्टर ने भरी तीसरी उड़ान और इटली ने लगाया भारतीय यात्रियों पर प्रतिबंध

नासा के इनजेनिटी हेलिकॉप्टर ने मंगल ग्रह पर तीसरी बार सफल उड़ान भरी है। इस दौरान हेलिकॉप्टर 16 फीट की ऊंचाई तक गया और 164 फीट की दूरी तय की और इटली ने भारत से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। भारत में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते इटली सरकार ने यह फैसला लिया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

दुनिया ने बढ़ाया भारत के लिए मदद का हाथ

कोरोना वायरस ने भारत की स्थिति बिगाड़ कर रख दी है। खासकर कोरोना वायरस संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए जिन मेडिकल सामनों की जरूरत होती है, उसकी किल्लत ने देश की हालत को और खराब कर रखा है। ऑक्सीजन की कमी से हजारों लोगों की अभी तक मौत हो चुकी है वहीं अस्पतालों में बेड्स और वेंटिलेटर्स की भी कमी है। भारत की विकराल स्थिति को देखते हुए अब अंतर्राष्ट्रीय जगत से भारत को मदद मिलना शुरू हो गया है। अमेरिका के अलावा ब्रिटेन, यूरोपीयन यूनियन, फ्रांस और जर्मनी ने भारत की मदद करनी शुरू कर दी है। इन देशों ने भारत को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स, पीपीई किट, वैक्सीन, वैक्सीन बनाने का रॉ मैटेरियल्स, वेंटिलेटर्स की सप्लाई करनी शुरू कर दी है। आखिरकार अमेरिका भारत को वैक्सीन बनाने का कच्चा माल देने के लिए तैयार हो गया है। अंतर्राष्ट्रीय प्रेशर के बाद अमेरिका के एनएसए जैक सुलीवन ने भारतीय एनएसए अजित डोवल से बात की, जिसके बाद अमेरिका ने भारत को वैक्सीन बनाने का कच्चा माल देने की इजाजत दे दी है।

भारत में एक मई से 18 साल से उपर के लोगों को वैक्सीन दी जाएगी, लिहाजा भारत में काफी ज्यादा वैक्सीन की डोज चाहिए। अमेरिका अब सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को वैक्सीन बनाने का रॉ-मैटेरियल भेजेगा, ताकि वैक्सीन का प्रोडक्शन बढ़ सके। इससे पहले अमेरिका लगातार वैक्सीन बनाने के रॉ मैटेरियल देने की बात पर आनाकानी कर रहा था आपको बता दें कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेडिकल संबंधित सामानों पर डिफेंस प्रोटेक्शन एक्ट लगाते हुए उसकी सप्लाई पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसे अमेरिका के नये राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी जारी रखा हुआ है। हालांकि, जब अमेरिका की पूरी दुनिया में भारी किरकिरी होने लगी तब अमेरिका ने प्रतिबंध हटाने का फैसला लिया है।

फोटो : सोशल मीडिया
फोटो : सोशल मीडिया

कोरोना के कहर के बीच भारतीयों के प्रति एकजुटता दिखा रहे पाकिस्तानी नागरिक

भारत में कोविड-19 की दूसरी लहर अपने चरम पर है और यहां पिछले कुछ दिनों से कोरोना के नए मामलों और संक्रमण की वजह से होने वाली मौतों में भारी वृद्धि हुई है। इस बीच पाकिस्तान के लोग, जिनमें राजनेता और पत्रकार भी शामिल हैं, वह अपने पड़ोसी देश में स्थिति के जल्द सामान्य होने की दुआ कर रहे हैं और भारतीयों को शुभकामनाएं भेज रहे हैं। कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर ने भारत के स्वास्थ्य ढांचे को तहस-नहस कर दिया है, जिसके बाद पाकिस्तान के नागरिकों ने चिंता जताने के साथ ही हालात जल्द सामान्य होने की दुआ की है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई हस्तियां भी शामिल हैं। इस संकट की घड़ी में, जब पूरी दुनिया भर के लोग भारत के लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और शुभकामनाएं दे रहे हैं, सोशल मीडिया पर भारत के साथ खड़े होने को लेकर भी हैशटैग चल निकले हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

अफगानिस्तान में रॉकेट हमले में 5 घायल

अफगानिस्तान के असदाबाद शहर में कुनार के गवर्नर कार्यालय में रॉकेट से किए गए हमले में कम से कम पांच लोगों को घायल हो गए। प्रांतीय गर्वनर इकबाल सईद ने सोमवार को यह जानकारी दी। सईद ने कहा कि यह घटना कुनार के केंद्र असदबाद शहर में हुई, जहां पवित्र कुरान प्रतियोगिता पर एक कार्यक्रम चल रहा था। उन्होंने कहा, "तीन छात्र और परिसर के दो कर्मचारी घायल हो गए।" टोलो समाचार ने बताया कि सुरक्षा अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि नहीं की है। साथ ही किसी भी समूह ने रॉकेट हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

मंगल पर NASA के इनजेनिटी हेलिकॉप्टर ने भरी तीसरी सफल उड़ान

अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा के इनजेनिटी हेलिकॉप्टर ने मंगल ग्रह पर तीसरी बार सफल उड़ान भरी है। इस दौरान हेलिकॉप्टर 16 फीट की ऊंचाई तक गया और 164 फीट की दूरी तय की। उड़ान के समय हेलिकॉप्टर की अधिकतम रफ्तार 6।6 फीट प्रति सेकेंड रही, जो पहले की स्पीड से चार गुना ज्यादा है। नासा ने बताया कि इस पूरे अभियान का वीडियो क्लिप आने वाले दिनों में जारी किया जाएगा। इनजेनिटी प्रोजेक्ट के प्रोग्राम एक्जीक्यूटिव डेव लैवरी ने कहा कि आज की उड़ान वही थी जो हमने प्लान की थी और फिर भी यह किसी कमाल से कम नहीं था। 80 सेकेंड की इस उड़ान को नासा के परसेवेरेंस रोवर में लगे मास्टकैम जेड के जरिए शूट किया गया है। इसी रोवर ने चार पाउंड वजनी इस हेलिकॉप्टर को नासा के सहत पर पहुंचाया था।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया

इटली ने लगाया भारत से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध

इटली ने भारत से आने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। भारत में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के चलते इटली सरकार ने यह फैसला लिया है। इससे पहले भी ब्रिटेन, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, कनाडा जैसे देश भारतीयों पर ट्रैवल बैन लगा चुके हैं। इटली के स्वास्थ्य मंत्री रॉबर्टो स्परांजा ने ट्विटर पर बताया कि उन्होंने उन यात्रियों के इटली में आने पर रोक के आदेश को मंजूरी दी है, जो बीते 14 दिनों में भारत गए हों या फिर भारत से ही आ रहे हों। भारत इन दिनों कोरोना के गंभीर संकट से जूझ रहा है। खासतौर पर डबल म्यूटेंट के चलते भारत बुरी तरह से प्रभावित है। हर दिन लगातार 3 लाख से ज्यादा केसों के चलते भारत में कोरोना से हाहाकार मचा है। हर दिन नए केसों का यह आंकड़ा पहली लहर के मुकाबले तीन गुना अधिक है। रविवार की ही बात करें तो भारत में लगातार चौथे दिन दुनिया में सबसे ज्यादा केस मिले हैं। इटली ने भारत से आने वाले यात्रियों पर बैन लगाया है, लेकिन अपने नागरिकों के लिए शर्तों के साथ छूट भी दी है। इसके लिए उन्हें यात्रा से पहले की कोरोना निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट दिखानी होगी। इसके अलावा पहुंचने के बाद एक बार फिर से उनका कोरोना टेस्ट किया जाएगा।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia