अमेरिकी कार्रवाई पर न्यूयॉर्क के मेयर ममदानी ने दी कड़ी प्रतिक्रिया, जानें मादुरो की गिरफ्तारी पर उन्होंने क्या कहा
ममदानी ने कहा कि किसी संप्रभु देश पर एकतरफा सैन्य कदम को युद्ध जैसा कृत्य माना जाता है और यह संघीय और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी पर न्यूयॉर्क शहर के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ममदानी ने इसे संप्रभुता के सिद्धांत और अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताया है और कहा है कि इस तरह के कदम दुनिया के लिए खतरनाक मिसाल बन सकते हैं।
ममदानी ने क्या कहा?
न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम और दक्षिण एशियाई मूल के मेयर जोहरान ममदानी ने अपने बयान में कहा कि उन्हें सुबह ऐसी जानकारियां मिलीं, जिनमें अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से जुड़े गंभीर दावे किए गए हैं।
ममदानी के मुताबिक, किसी संप्रभु देश पर एकतरफा सैन्य कदम को युद्ध जैसा कृत्य माना जाता है और यह संघीय और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है।
उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता परिवर्तन की कोशिशें सिर्फ विदेश नीति का मामला नहीं होतीं, बल्कि उनका असर न्यूयॉर्क जैसे बहुसांस्कृतिक शहरों पर भी पड़ता है।
ट्रंप के दावे और उन पर उठे सवाल
डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई की है और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिया गया है। इन दावों के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति को निकोलस मादुरो हाथों में हथकड़ियां पहनाकर न्यूयॉर्क लाया गया।
न्यूयॉर्क के वेनेजुएलाई समुदाय की चिंता
ममदानी ने अपने बयान में न्यूयॉर्क में रह रहे वेनेजुएलाई समुदाय का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में हजारों वेनेजुएलाई मूल के लोग रहते हैं, जो अपने देश की राजनीतिक और आर्थिक अस्थिरता के कारण यहां आकर बसे हैं।
मेयर के अनुसार, उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी शहर में रहने वाले हर समुदाय की सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय तनाव से जुड़ी किसी भी स्थिति को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया और वैश्विक बहस
इन दावों के सामने आने के बाद कई देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भी चिंता जताई है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि इस तरह की किसी भी सैन्य कार्रवाई से वैश्विक अस्थिरता बढ़ सकती है। संयुक्त राष्ट्र समेत कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन की जरूरत पर जोर दिया गया है।
फिलहाल स्थिति क्या है?
वेनेजुएला से जुड़े ट्रंप के दावों और उस पर ममदानी की प्रतिक्रिया ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और आधिकारिक बयान व स्पष्टीकरण सामने आ सकते हैं।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia