फिजिक्स के नोबेल पुरस्कार का ऐलान, रोजर पेनरोस, रिनहार्ड गेनजेल और एंड्रेया गेज को संयुक्त रूप से मिला यह अवार्ड

फिजिक्स के नोबेल पुरस्कारों का ऐलान हो गया है। ब्रिटिश वैज्ञानिक रोजर पेनरोस, जर्मनी के रिनहार्ड गेनजेल और अमेरिका के वैज्ञानिक एंड्रेया गेज को भौतिकी के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

फिजिक्स के नोबेल पुरस्कारों का ऐलान हो गया है। ब्रिटिश वैज्ञानिक रोजर पेनरोस, जर्मनी के रिनहार्ड गेनजेल और अमेरिका के वैज्ञानिक एंड्रेया गेज को भौतिकी के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है। रोजर पेनरोस को ब्लैक होल की खोज के लिए जबकि रिनहार्ड गेनजेल ओर एंड्रेया गेज को हमारी आकाशगंगा के केंद्र में सुपरमैसिव कॉम्पैक्ट ऑब्जेक्ट की खोज के लिए यह पुरस्कार दिया जा रहा है।

गत कई वर्षों से भौतिकी का नोबेल संबंधित विषयों पर काम करने वाले एक से अधिक वैज्ञानिकों को दिया जाता रहा है। ब्रह्मांड के रहस्य उजागर करने में सैद्धांतिक कार्य करने वाले जेम्स पीबल्स तथा सौरमंडल के बाहर एक ग्रह की खोज करने वाले स्विस खगोलशास्त्री माइकल मेयर और डिडियर कुलोज को पिछले साल का नोबेल पुरस्कार दिया गया था। सोमवार को नोबेल समिति ने चिकित्सा क्षेत्र में पुरस्कार विजेताओं के नाम की घोषणा की थी।


बता दें कि डायनामाइट के आविष्कार के लिए फेमस अल्फ्रेड नोबेल ने 1985 में अपनी आखिरी वसीयत में पांच पुरस्कारों की एक सीरीज की स्थापना की थी, उन्हीं के नाम पर यह पुरस्कार पहली बार 1901 में दिया गया था। उन्होंने अपनी वसीयत में लिखा था कि उनका सारा पैसा नोबेल फाउंडेशन के नाम कर दिया जाए,और इन पैसों से नोबेल पुरस्कार दिया जाए।

साल 1901 से यह पुरस्कार 113 बार 212 लोगों को दिया जा चुका है। जॉन बार्डीन को यह पुरस्कार ट्रांजिस्टर के आविष्कार और उनके बेहतरीन काम के लिए दो बार दिया जा चुका है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia