अफगानिस्तान से जंग के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने भारत का लिया नाम, 'सब्र की हद पार, अब एक्शन...'

रातभर पाकिस्तान और तालिबान के बीच भीषण झड़पें जारी रहीं। इस बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने तालिबान पर भारत का प्रॉक्सी होने और अफगानिस्तान में मानवाधिकार हनन का आरोप लगाया।

फोटो: AI Generated
i
user

नवजीवन डेस्क

रातभर पाकिस्तान और तालिबान के बीच भीषण जंग जारी रही। तालिबान के अनुसार, पाकिस्तानी एयरफोर्स ने अफगानिस्तान के काबुल, कंधार और पक्तिया में कई स्थानों पर बमबारी की। तालिबान प्रवक्ता ने दावा किया कि किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ और उन्होंने पाकिस्तानी सेना को “कायर” बताया।

वहीं, पाकिस्तान ने इस पूरी स्थिति के लिए अफगानिस्तान को जिम्मेदार ठहराया और भारत को भी इस विवाद में घसीट दिया।

ख्वाजा आसिफ ने तालिबान पर लगाया गंभीर आरोप

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि अफगानिस्तान से NATO सेनाओं के जाने के बाद उम्मीद थी कि देश में शांति और स्थिरता आएगी। लेकिन तालिबान ने अफगानिस्तान को भारत की कॉलोनी बना दिया और दुनियाभर से आतंकवादियों को इकट्ठा कर वहां से आतंकवाद का निर्यात शुरू कर दिया।

ख्वाजा आसिफ ने यह भी आरोप लगाया कि तालिबान ने अफगान लोगों के बुनियादी मानवाधिकार छीने और महिलाओं से इस्लाम द्वारा दिए गए अधिकार छीन लिए।


पाकिस्तान ने की हर संभव कोशिश, अब खुला टकराव

ख्वाजा आसिफ ने ने कहा कि अफगानिस्तान की स्थिति को स्थिर करने के लिए पाकिस्तान ने कई स्तरों पर प्रयास किए। मंत्री ने कहा, “हमने बहुत डिप्लोमेसी की, लेकिन तालिबान भारत का प्रॉक्सी बन गया। अब जब पाकिस्तान को निशाना बनाया जा रहा है, हमारी सेनाएं पूरी ताकत से जवाब दे रही हैं।”

ख्वाजा आसिफ ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान ने पिछले 50 सालों में 5 मिलियन अफगानों को पनाह दी और आज भी लाखों अफगान पाकिस्तान में काम कर अपनी रोजी-रोटी कमा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सब्र की हद पार हो चुकी है और यह अब खुला टकराव है।

पड़ोसी देशों को चेतावनी

रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान की सेना किसी विदेशी धरती से नहीं आई है, बल्कि यह सीधा पड़ोसी है और तालिबान की वास्तविक स्थिति अच्छी तरह जानती है। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि भविष्य में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया जबरदस्त और निर्णायक होगी।

तालिबान और पाकिस्तान के बीच यह झड़प केवल क्षेत्रीय तनाव ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। ख्वाजा आसिफ के बयान से यह स्पष्ट है कि पाकिस्तान अब अफगानिस्तान में तालिबान के खिलाफ सख्त कदम उठाने की तैयारी में है।  


Published: 27 Feb 2026, 10:32 AM