पाकिस्तानः अनिश्चितता के माहौल में नई सरकार के लिए आज डाले जा रहे हैं वोट

आतंकवादी हमलों और सेना के हस्तक्षेप के आरोपों के बीच पाकिस्तान की जनता देश की नई सरकार चुनने के लिए मतदान कर रही है। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल (एन) और क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान की पार्टी पीटीआई के बीच है।

फोटोः सोशल मीडिया
i

पाकिस्तान में राजनीतिक उठा-पटक के बीच आज मतदान हो रहा है। मतदान के लिए लोग अपने घरों से धीरे-धीरे बाहर निकल रहे हैं। घरों से महिलाएं भी वोट डालने के लिए निकल रही हैं। लाहौर में महिलाओं को पोलिंग बूथ पर वोट डालते हुए देखा गया।

वहीं लाहौर के एक पोलिंग बूथ पर पाकिस्तान मुस्लिम लीग के अध्यक्ष शहबाज शरीफ ने अपना वोट डाला।

शहबाज शरीफ के अलावा पाकिस्तान के अलग-अलग राज्यों में दूसरी पार्टियों के नेता भी वोट डालने के लिए पोलिंग बूथों का रुख कर रहे हैं। सिंध प्रांत के नवाबशाह में बेनजीर भुट्टो की दोनों बेटियों, बख्तावर भुट्टो और आसिफा भुट्टो ने मतदान किया और मतदान के बाद अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की।

पूरे पाकिस्तान में मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो गऐ हैं, और शाम 6 बजे तक मतदान होगा। आम चुनाव में 272 सीटों के लिए लगभग 100 राजनीतिक दलों के 3,459 उम्मीदवार मैदान में हैं। अन्य 6 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 10 फीसदी सीटें हिंदुओं सहित अन्य धार्मिक अल्पसंख्यों के लिए आरक्षित हैं। चुनाव कराने के लिए लगभग 16 लाख कर्मी ड्यूटी पर लगाए गए हैं।

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी के अनुसार, सिंध में 5,878, पंजाब और इस्लामाबाद में 5,487, खैबर पख्तूनख्वा में 3,874 और संघशासित जनजातीय संघ (एफएटीए) तथा बलूचिस्तान में 1,768 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) सरदार राजा खान ने जनता से मतदान करने की अपील की है। उन्होंने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान कराने का वादा किया है।

इस समय भ्रष्टाचार के आरोप में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ अपनी बेटी और दामाद के साथ जेल में बंद हैं। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला नवाज शरीफ की हतोत्साहित पार्टी 'पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज' (पीएमएल-एन) और क्रिकेटर से नेता बने इमरान खान की पार्टी 'पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' (पीटीआई) के बीच है। इमरान के विरोधी उनकी पार्टी को सेना और 'इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस' (आईएसआई) के समर्थन का लगातार आरोप लगा रहे हैं।

इनके अलावा आसिफ अली जरदारी और बिलावल भुट्टो की 'पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी' (पीपीपी) और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के बेटे हाफिज तल्हा और दामाद खालिद वलीद भी मैदान में हैं। ये दोनों उन 260 उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिन्होंने 2011 में पंजीकृत हुई 'अल्लाह-ओ-अकबर तहरीक' के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किए हैं। पाकिस्तान में लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार का कार्यकाल 31 मई को ही पूरा हो चुका है, लेकिन उस समय देश में उथल-पुथल के हालात थे। उसी दौरान इमरान खान ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए नवाज शरीफ पर लगातार हमले शुरू कर दिए। नवाज शरीफ को भ्रष्टाचार के मामले में अदालत के आदेश पर पद से हटना पड़ा।

अदियाला जेल में बंद नवाज शरीफ ने एक ऑडियो संदेश जारी कर कहा है, "इस आंदोलन को सफल बनाने और पाकिस्तान में न्याय को दफन करने वाली सभी राजनीतिक पार्टियों का सफाया करने का समय आ गया है।" पीएमएल-एन अध्यक्ष और शरीफ के छोटे भाई शहबाज शरीफ ने सोमवार को दावा किया कि आगामी चुनाव में उनकी ही पार्टी जीतेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए


Published: 24 Jul 2018, 6:54 PM