दुनिया की खबरें: मिडिल ईस्ट संकट और अफगानिस्तान युद्ध से पाक की अर्थव्यवस्था चरमराई और नेतन्याहू का नया वीडियो आया

अधिकारियों का कहना है कि ये लड़ाइयां पाकिस्तान को न सिर्फ सैन्य मोर्चे पर, बल्कि आर्थिक रूप से भी बुरी तरह प्रभावित कर रही हैं। पाकिस्तान के लिए हालात इतने खराब हैं कि उसे अपनी बची-खुची अर्थव्यवस्था को भी बचाना होगा।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच युद्ध की वजह से मिडिल ईस्ट में पैदा हुए संकट से पाकिस्तान को बहुत नुकसान हुआ है। सऊदी अरब के साथ समझौते की वजह से युद्ध में शामिल होने या न होने को लेकर पाकिस्तान के सामने कई मुश्किलें हैं, लेकिन आर्थिक मोर्चे पर इस्लामाबाद की हालत बदतर होती जा रही है। मिडिल ईस्ट का संकट ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर है।

अफगानिस्तान से युद्ध और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के साथ लगातार लड़ाई ने इसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

अधिकारियों का कहना है कि ये लड़ाइयां पाकिस्तान को न सिर्फ सैन्य मोर्चे पर, बल्कि आर्थिक रूप से भी बुरी तरह प्रभावित कर रही हैं। पाकिस्तान के लिए हालात इतने खराब हैं कि उसे अपनी बची-खुची अर्थव्यवस्था को भी बचाना होगा। इस्लामाबाद ने अब अपनी अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए कई कदम उठाए हैं और कई मोर्चों पर कई कटौतियों की घोषणा की है।

केंद्रीय और प्रांतीय सरकारी विभागों में सरकारी गाड़ियों को 60 फीसदी तक सड़क से दूर रखने का फैसला किया गया है। सरकारी ऑफिस में ग्रेड-20 के अधिकारी जो 3,00,000 रुपए से ज्यादा कमाते हैं, उनसे अपनी मर्जी से दो दिन की सैलरी छोड़ने को कहा गया है। हालांकि, यह स्वास्थ्य और शिक्षा सेक्टर के लोगों पर लागू नहीं होता है।

सरकार ने प्रांतीय और केंद्रीय सदन के सदस्यों को दो महीने के लिए सैलरी और अलाउंस में 25 फीसदी की कटौती करने का भी निर्देश दिया है। पाकिस्तान सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है, वह है सरकारी गाड़ियों के लिए पेट्रोलियम प्रोविजन को 50 फीसदी कम करना।

पाकिस्तान-अफगानिस्तान तनाव कम करने को तैयार चीन, बोला-टकराव से बचना सबसे जरूरी

चीन ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सुलह कराने की इच्छा जताई है। उसने कहा है, "तनाव को कम करने के लिए वो अपने प्रयास जारी रखने को तैयार है" और उसके मुताबिक फिलहाल सबसे जरूरी काम स्थिति को और अधिक बिगड़ने से रोकना है।

चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया कि क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संवाद और संयम बेहद आवश्यक है। मंत्रालय ने जोर देकर कहा कि मौजूदा हालात में “सबसे तात्कालिक कार्य तनाव के और अधिक बढ़ने से बचना” है।

बीजिंग ने यह भी कहा कि वह दोनों पड़ोसी देशों के साथ संपर्क बनाए हुए है और मतभेदों को बातचीत और कूटनीतिक माध्यमों से सुलझाने के प्रयासों को आगे बढ़ाएगा। बीजिंग का मानना है कि क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक सहयोग के लिए पाकिस्तान-अफगानिस्तान संबंधों में स्थिरता बेहद अहम है।

चीन ने दोनों देशों से संयम बरतने और किसी भी प्रकार के टकराव से बचने की अपील करते हुए कहा कि विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाना ही क्षेत्र के हित में है।

इससे पहले भी चीन मध्यस्थता की बात कर चुका है। चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने शुक्रवार को अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी से फोन पर बात की थी। बाद में एक बयान जारी कर बताया गया कि यी ने अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच के विवादों को सैन्य ताकत के बजाय बातचीत और परामर्श के जरिए सुलझाने पर जोर दिया है।

बयान के अनुसार, वांग ने दोनों पक्षों से संयम बरतने, संवाद स्थापित करने, तत्काल युद्धविराम करने और मतभेदों को सुलझाने की अपील की। वांग यी ने कहा कि बल का और अधिक इस्तेमाल करने से स्थिति बहुत ज्यादा जटिल हो जाएगी और क्षेत्र में तनाव बढ़ेगा।


अफगानिस्तान का दावा: सैन्य शिविर पर ड्रोन हमले से पाक‍िस्‍तान को हुआ भारी नुकसान

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा करते हुए कहा क‍ि उसने खैबर पख्तूनख्वा के दक्षिण वजीरिस्तान क्षेत्र के वाना इलाके में पाकिस्तान के एक सैन्य शिविर पर लक्षित ड्रोन हमला किया है। यह हमला इस्लामाबाद की ओर से कंधार प्रांत में रातभर किए गए हवाई हमलों के जवाब में किया गया।

अफगानिस्तान की समाचार एजेंसी खामा प्रेस के अनुसार, मंत्रालय ने बताया कि ड्रोन हमले में स्पेशल सर्विस ग्रुप (एसएसजी) के कमांडो की ओर से इस्तेमाल की जाने वाली सुविधाओं और अन्य सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। मंत्रालय ने कहा कि इस हमले में पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान और हताहत हुए हैं।

हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने अभी तक अफगान ड्रोन हमले पर कोई बयान जारी नहीं किया है।

इससे पहले, पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के कुछ हिस्सों में रात के दौरान हवाई हमले किए थे। इस्लामाबाद ने कहा कि ये कार्रवाई सीमा के पास आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए की गई थी।

खामा प्रेस के अनुसार, अफगान अधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान के हमले एक नशा मुक्ति अस्पताल और एक खाली कंटेनर पर हुए, लेकिन इनमें कोई हताहत नहीं हुआ। इन हमलों में किसी की जान नहीं गई।

ताजा घटनाओं से सीमा क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता दिखाई दे रही है। इससे चिंता बढ़ गई है कि अगर ऐसे हमले जारी रहे तो पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव और बढ़ सकता है।

पिछले हफ्ते अफगान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फ़ित्रत ने कहा था कि पाकिस्तान के हवाई हमलों में काबुल में चार लोगों की मौत हुई और 25 लोग घायल हो गए।

अधिकारी के अनुसार, पाकिस्तान ने गुरुवार रात और शुक्रवार को कंधार, पक्तिका, खोस्त और नंगरहार प्रांतों में भी हवाई हमले किए थे। कंधार में एक तेल डिपो को निशाना बनाया गया था, जिसकी जानकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने दी।

अफवाहों के बीच नेतन्याहू का नया वीडियो आया सामने, आम लोगों से घुलते-मिलते दिखे इजरायली पीएम

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म है। लगातार ऐसी खबरें आ रही हैं जिनमें उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। इस सबके बीच नेतन्याहू का एक वीडियो उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जारी किया गया है, जिसमें वह आम लोगों के बीच मुस्कुराते और हिब्रू में बात करते सुने-देखे जा सकते हैं।

रविवार को भी इजरायली पीएम ने एक वीडियो जारी कर उन साजिशों का मजाक उड़ाया था जिसमें उन्हें मार दिए जाने का दावा किया गया था। 90 सेकंड का एक और वीडियो पोस्ट किया गया है।

90 सेकंड की वीडियो क्लिप के साथ एक संदेश भी लिखा है जो उनके विपरीत परिस्थितियों में भी सकारात्मक बने रहने की कहानी कहता है। लिखा है—"दिशानिर्देशों का पालन करें और मिलकर जीतें।" ऐसे बयान अक्सर जनता का मनोबल बनाए रखने और सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर देने के लिए होते हैं।

इस वीडियो में उन्हें यरुशलम हिल्स में आम लोगों से बातचीत करते हुए दिखाया गया है। वीडियो का माहौल और इजरायली पीएम के कपड़े देख कर यकीन होता है कि ये वहीं फिल्माया गया है जहां रविवार को पहला शूट किया गया था। नेतन्याहू उसी कॉफी शॉप के पास हैं जहां पहला वीडियो बनाया गया था।

इस वीडियो में पीएम ताजी हवा के लिए घर से बाहर निकलने के महत्व पर जोर देते हैं, धूप लेने की सलाह देते हैं, वहां मौजूद लोगों से पूछते हैं कि सबसे नजदीकी शेल्टर कहां है, और ईरान के साथ चल रहे युद्ध के दौरान धैर्य बनाए रखने की अपील करते हैं।

इस क्लिप में महिलाएं भी देखी जा सकती हैं, जो पीएम के साथ तस्वीर खिंचा रही हैं। सहज अंदाज में नेतन्याहू लोगों से मिलते हुए आगे बढ़ते हुए कहते हैं कि खूबसूरत नजारों के बीच धूप का आनंद उठाएं। इसमें आगे चलकर वे रियल इजरायल की बात करते हैं।

रविवार के वीडियो में नेतन्याहू ने मौत के दावों को अफवाह बताते हुए अपनी दस उंगलियां गिनाई थीं।


नेपाल सड़क हादसे में मारे गए तीर्थयात्रियों के शव स्वदेश लाने की प्रक्रिया जारी: भारतीय दूतावास

नेपाल में हुए एक सड़क हादसे में मारे गए भारतीय तीर्थयात्रियों के शवों को जल्द स्वदेश लाने के लिए भारतीय दूतावास सक्रिय रूप से काम कर रहा है। शनिवार को गोरखा जिले में ये दर्दनाक हादसा हुआ था।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, माइक्रोबस में सवार तीर्थयात्री मनकामना मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद लौट रहे थे तभी बस खाई में जा गिरी। इस हादसे में सात भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई जबकि सात अन्य भारतीय तीर्थयात्री घायल हो गए।

हादसे पर भारतीय दूतावास ने एक्स पोस्ट के जरिए अपनी फिक्र जाहिर की। मृतकों के प्रति संवेदना जाहिर करते हुए एम्बेसी ने घायलों के इलाज और उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी की प्रक्रिया पर काम करने की बात कही थी।

इसमें आगे कहा, " मृतकों के परिजनों के प्रति हम संवेदना जाहिर करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।"

दूतावास ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के शवों को जल्द से जल्द भारत भेजने के लिए नेपाल के स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

भारतीय दूतावास ने कहा कि वह पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों ने बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

भारतीय तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक माइक्रोबस, जब तनाहुन जिले के अंबुखैरेनी इलाके (जो मनकामना मंदिर से थोड़ा पश्चिम में है) की ओर जा रही थी, तब शहीद लखन ग्रामीण नगरपालिका के कांतार इलाके में सड़क से फिसलकर एक खाई में गिर गई थी।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia