सोमालिया के तट पर कार्गो जहाज हाईजैक, 6 भारतीय समेत 10 लोग सवार
जहाज को पुंटलैंड के ईयल जिले में मर्राया के पास तट से करीब 10 किलोमीटर दूर कब्जे में लिया गया और बाद में इसे तट की ओर ले जाया गया।

सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने कैमरून के झंडे वाले कार्गो जहाज M/V LUTUF को हाईजैक कर लिया। सोमवार को कब्जे में लिए गए इस जहाज पर 10 सदस्यीय क्रू सवार था, जिसमें 6 भारतीय नागरिक शामिल हैं। सोमाली अधिकारियों के अनुसार, जहाज को पुंटलैंड के ईयल जिले में मर्राया के पास तट से करीब 10 किलोमीटर दूर कब्जे में लिया गया और बाद में इसे तट की ओर ले जाया गया। जहाज के मालिक के तौर पर पोलर मूवमेंट शिपिंग का नाम सामने आया है।
क्रू में भारतीयों के अलावा तुर्की और जॉर्जिया के नागरिक
जहाज पर 6 भारतीयों के अलावा तुर्की का एक नागरिक, जॉर्जिया का एक नागरिक और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब आठ समुद्री लुटेरों ने जहाज पर कब्जा किया। अधिकारियों को आशंका है कि इसमें वही गिरोह शामिल हो सकता है जिसने 26 अप्रैल को M/V स्वार्ड नामक जहाज को हाईजैक किया था। घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय और तुर्की अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
जहाज पर हथियार और सैटेलाइट उपकरण भी लदे थे
अधिकारियों के मुताबिक, जहाज पर तुर्की के हथियारों के साथ कम्युनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण भी मौजूद थे। हाईजैकर्स जहाज को पुंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गरमाल के पास ले गए। इसके बाद तुर्की से जुड़े दो जहाज वहां पहुंचे और इलाके की निगरानी के लिए हेलीकॉप्टर तथा ड्रोन तैनात किए गए।
जहाज के पास नाव पहुंचने के बाद हुआ हवाई हमला
मंगलवार को एक छोटी नाव से दो लोग जहाज के पास पहुंचे और वहां कथित तौर पर खत पहुंचाया। नाव के वापस लौटने के बाद इलाके में हवाई हमला होने की खबर है। इसमें चार लोगों की मौत और दो के घायल होने की बात सामने आई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किसने किया और मारे गए लोग समुद्री लुटेरों में शामिल थे या नहीं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
