G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने भारत नहीं आएंगे पुतिन, क्या बाइडेन के चलते नहीं आने का लिया फैसला?

रूस और यूक्रेन में युद्ध छिड़ने के बाद से ही रूस और अमेरिका के संबंध तनाव के चरम पर हैं। अमेरिका खुलकर यूक्रेन के साथ है और हर कुटनीतिक मंच पर रूस को घेरने की कोशिश की है। यही कारण है कि पुतिन और बाइडेन किसी भी मंच पर एक दूसरे के सामने आने से बचते रहे हैं।

क्या बाइडेन के चलते पुतिन ने G20 सम्मेलन में नहीं आने का लिया फैसला?
क्या बाइडेन के चलते पुतिन ने G20 सम्मेलन में नहीं आने का लिया फैसला?
user

नवजीवन डेस्क

रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने शुक्रवार को स्पष्ट कर दिया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले महीने दिल्ली में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने भारत नहीं आएंगे। माना जा रहा है कि पुतिन ने यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के भारत आने के कारण लिया है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने मॉस्को में मीडिया से कहा कि रूसी राष्ट्रपति जी20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत की यात्रा की योजना नहीं बना रहे हैं। पेसकोव ने इस दौरान कहा कि अब मुख्य जोर यूक्रेन में एक विशेष सैन्य अभियान चलाने पर है।


जी20 शिखर सम्मेलन अगले महीने 9-10 सितंबर को दिल्ली में होने वाला है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शिखर सम्मेलन में अपनी भागीदारी की पुष्टि की है और वह 7 से 10 सितंबर के बीच राष्ट्रीय राजधानी में रहेंगे। बाइडेन का कार्यक्रम तय होने के बाद सम्मेलन में पुतिन के शामिल होने को लेकर आशंकाएं जताई जा रही थीं, जो अब सही साबित हुई हैं।

यहां बता दें कि रूस और यूक्रेन में युद्ध छिड़ने के बाद से ही रूस और अमेरिका के संबंध तनाव के चरम पर पहुंच गए हैं। युद्ध में अमेरिका खुलकर यूक्रेन के साथ खड़ा रहा है और हर कुटनीतिक मंच पर रूस को चौतरफा घेरने की कोशिश की है। यही कारण है कि पुतिन और बाइडेन किसी अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक दूसरे का सामना करने से बचते रहे हैं। पुतिन का जी20 के लिए नहीं आने का फैसला इसी परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia