कतर: गैस प्लांट में हुए भीषण धमाके में 13 लोगों की मौत, मरने वालों में 12 भारतीय शामिल

दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में बताया कि कतर के अधिकारियों ने इस हादसे में 12 भारतीयों की मौत की पुष्टि की है।

फोटो: सोशल मीडिया
i

कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर स्थित गैस प्लांट में हुए भीषण धमाके में 13 लोगों की जान चली गई, जिनमें 12 भारतीय नागरिक शामिल हैं। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में बताया कि कतर के अधिकारियों ने इस हादसे में 12 भारतीयों की मौत की पुष्टि की है।

दूतावास के अनुसार, विस्फोट में घायल हुए लोगों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। भारतीय मिशन कतर सरकार और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है ताकि प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही मृतकों के पार्थिव शरीरों को जल्द भारत भेजने की प्रक्रिया भी तेज़ी से पूरी की जा रही है।

कतर के ऊर्जा मंत्री ने पत्रकारों को बताया कि इस दुर्घटना में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के कुल 13 लोगों की मौत हुई है। वहीं कतर के गृह मंत्रालय ने कहा कि रविवार शाम रास लाफान औद्योगिक क्षेत्र के बरजान गैस आपूर्ति संयंत्र में तकनीकी खराबी के कारण विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई, जबकि 66 अन्य घायल हो गए।

मंत्रालय के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों और आपातकालीन राहत दलों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। ऊर्जा मंत्री अल-काबी ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य अब पूरा कर लिया गया है और सभी घायलों का इलाज चल रहा है।

अधिकारियों ने दुर्घटना के वास्तविक तकनीकी कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि विस्फोट के कारण किसी प्रकार का गैस रिसाव नहीं हुआ और न ही आसपास के निवासियों या पर्यावरण के लिए कोई खतरा पैदा हुआ। इससे पहले, कतर एनर्जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अल-काबी ने कहा था कि विस्फोट और आग की घटना में 66 लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार विभिन्न अस्पतालों में किया जा रहा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए