रूस ने यूक्रेन के स्कूल पर की भारी बमबारी, शरण लिए 400 लोगों के मलबे में दबने की आशंका

यूक्रेन में अजोव सागर के पास स्थित मारियुपोल एक पोर्ट सिटी (बंदरगाह) है। युद्ध के बाद से इसे चारों तरफ से रूस के सैनिकों ने घेर रखा है। रूस ने इस बंदरगाह शहर को बाकी यूक्रेन से काट दिया है। रूसी सेना से बचने के लिए यहां के कुछ लोग बंकर में छिपे हुए हैं।

संकेतात्मक फोटोः सोशल मीडिया
संकेतात्मक फोटोः सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

यूक्रेन सरकार ने कहा है कि रूस की सेना ने मारियुपोल शहर में एक स्कूल इमारत पर भारी बमबारी की है। इस इमारत में करीब 400 युद्ध पीड़ितों ने शरण लिया हुआ था। रूस की मिसाइल ने जैसे ही इमारत को निशाना बनाया, इमारत भरभराकर गिर पड़ी। हमले में इमारत में मौजूद 400 लोगों के दबने की आशंका जताई जा रही है।

हमले के बाद यूक्रेन के अधिकारी वहां रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। शरण लिए 400 लोगों में से कितने लोग मारे गए, कितने जिंदा हैं या कितने अभी दबे हुए हैं, फिलहाल इसकी कोई जानकारी नहीं है। इससे पहले रूस ने एक थियेटर पर एयरस्ट्राइक किया था, जिसमें काफी ज्यादा लोग मलबे में दब गए थे। उनमें से 130 लोगों को बाहर निकाल लिया गया था।


यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने भी रूस पर मारियुपोल में वॉर क्राइम को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि वहां के लोगों के साथ नाइंसाफी की जा रही है। रूस के इस अत्याचार को दुनिया हमेशा याद रखेगी।

बता दें कि यूक्रेन में अजोव सागर के पास स्थित मारियुपोल एक पोर्ट सिटी (बंदरगाह) है। युद्ध के बाद से इसे चारों तरफ से रूस के सैनिकों ने घेर रखा है। रूस ने इस बंदरगाह शहर को बाकी यूक्रेन से काट दिया है। रूसी सेना से बचने के लिए यहां के कुछ लोग बंकर में छिपे हुए हैं, जिन्हें भारी बमबारी का सामना करना पड़ रहा है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


/* */