पाकिस्तान की सत्ता में 'शरीफों' की वापसी, संसद में शहबाज चुने गए प्रधानमंत्री, आज रात लेंगे पद की शपथ

शहबाज शरीफ के समर्थन में संसद में 174 वोट पड़े। वहीं दूसरी तरफ कोई उम्मीदवार ही नहीं था। इमरान की पार्टी के शाह महमूद कुरैशी ने पहले चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, लेकिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया और सदन से वाकआउट कर गए।

फोटोः सोशल मीडिया
i

पाकिस्तान में पिछले कई दिनों से जारी सियासी संकट के बाद आज देश की सत्ता में शरीफ परिवार की वापसी हो गई। आज संसद में हुई वोटिंग में संयुक्त विपक्ष के नेता और पीएमएल-एन प्रमुख शहबाज शरीफ को देश का नया प्रधानमंत्री चुन लिया गया। शहबाज शरीफ आज रात ही 8.30 बजे पीएम पद की शपथ लेंगे।

पाकिस्तान के नवनिर्वाचित पीएम शहबाज शरीफ ने कहा कि आज सर्वशक्तिमान ने पाकिस्तान और देश के 22 करोड़ लोगों को बचा लिया है। यह पहली बार है जब अविश्वास प्रस्ताव का वोट सफलतापूर्वक पारित हुआ है। इस देश के लोग इस दिन को उत्सव की तरह मनाएंगे।

इससे पहले पाकिस्तान में प्रधानमंत्री के चुनाव के लिए सोमवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने के बाद इमरान खान की पार्टी पीटीआई के सभी सांसदों ने सामूहिक इस्तीफा देकर सदन से वाकआउट कर दिया। पार्टी के पीएम उम्मीदवार शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि पीएम उम्मीदवार होने के बावजूद मैं प्रधानमंत्री के चुनाव के बहिष्कार का ऐलान करता हूं। इसके बाद पीटीआई के सभी सदस्य संसद से बाहर चले गए।


बता दें शहबाज पाकिस्तान के 23वें प्रधानमंत्री होंगे। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के भाई और पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के अध्यक्ष शहबाज शरीफ के समर्थन में संसद में 174 वोट पड़े। वहीं दूसरी तरफ कोई उम्मीदवार ही नहीं था। इमरान की पार्टी के शाह महमूद कुरैशी ने पहले चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, लेकिन सदन की कार्यवाही शुरू होते ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया और सदन से वाकआउट कर गए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए