श्रीलंका में मस्जिद और मुसलमानों की दुकानों पर हमले, तनाव के बाद लगा कर्फ्यू, इंटरनेट सेवाएं बंद

मस्जिद और दुकानों पर रविवार को हमले हुए थे। पुलिस ने बताया कि हालात को नियंत्रित करने के लिए चिलाव में तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लगा दिया गया। साथ ही बड़ी संख्या में शहर में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया
user

नवजीवन डेस्क

श्रीलंका में ईस्टर के मौके पर हुए सिलसिलेवार बम धमाकों बाद अभी देश में तनाव खत्म नहीं हुआ है। अब श्रीलंका के ईसाई बहुल इलाके चिलाव में एक मस्जिद और मुसलमानों की कुछ दुकानों पर हुए हमले के बाद तनाव बढ़ गया है। हलमे के बाद यहां पर कर्फ्यू लगा दिया गया है।

कर्फ्यू के अलावा सोशल मीडिया नेटवर्क और मैसेजिंग एप अस्थायी रूप से ब्लॉक कर दिए गए हैं। इनमें फेसबुक और वॉट्सएप भी शामिल हैं। मस्जिद और दुकानों पर रविवार को हमले हुए थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हालात को नियंत्रित करने के लिए चिलाव में तत्काल प्रभाव से कर्फ्यू लगा दिया गया। साथ ही बड़ी संख्या में शहर में पुलिस बल की तैनाती की गई है, और हालात पर नजर रखी जा रही है।


खबरों के मुताबिक, दोनों समुदायों के बीच शनिवार से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। इसी महीने की शुरुआत में नेगोम्बो में मुस्लिम और ईसाइयों समुदाय के बीच हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए थे। सेंट सेबेस्टियन चर्च भी है यहीं पर है, जहां ईस्टर के मौके पर आतंकी हमला हुआ था। इस झड़प के बाद कार्डिनल मैल्कम रंजीत ने ईसाइयों और अन्य समुदाय से शांति बनाए रखने की अपील की थी।

ईस्टर के मौके पर गिरिजाघरों और होटलों में हुए ब्लास्ट में 250 लोगों की मौत हो गई थी। यही नहीं इस हमले में 500 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने ली थी। साथ ही हमले को को लेकर आतंकी संगठन ने वीडियो भी जारी किया था।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia


Published: 13 May 2019, 1:23 PM