न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में चाकूबाजी, महिला ने 2 लोगों पर किया हमला, एक की मौत, पुलिस ने हमलावर को भी किया ढेर

महिला के हाथ में चाकू था और वह आसपास मौजूद लोगों को धमका रही थी। इसी दौरान उसने एक महिला और एक पुरुष पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों हमले महज करीब 20 सेकंड के अंतराल में हुए।

फोटो: सोशल मीडिया
i

अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मशहूर टाइम्स स्क्वायर पर चाकूबाजी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। एक महिला ने अचानक दो लोगों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को काबू में करने की कोशिश शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, महिला के हाथ में चाकू था और वह आसपास मौजूद लोगों को धमका रही थी। इसी दौरान उसने एक महिला और एक पुरुष पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों हमले महज करीब 20 सेकंड के अंतराल में हुए।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर उसे चाकू नीचे रखने और आत्मसमर्पण करने के लिए समझाने की कोशिश की। करीब चार मिनट तक पुलिस उससे बात करती रही, लेकिन वह किसी भी बात को मानने के लिए तैयार नहीं हुई।

पुलिस पर हमला करने की कोशिश के बाद चली गोली

स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब महिला ने कथित तौर पर चाकू लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर बढ़ने की कोशिश की। अधिकारियों ने पहले उसे रोकने के लिए इलेक्ट्रिक गन का इस्तेमाल किया, लेकिन इसका असर नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने गोली चला दी।

गोली लगने के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर महिला की पहचान 49 वर्षीय पामेला सिस्नेरोस के रूप में हुई है।

एक पीड़ित महिला की भी अस्पताल में मौत

इस हमले में घायल हुए दोनों लोगों को इलाज के लिए बेलव्यू अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से महिला पीड़ित की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल व्यक्ति का इलाज किया गया।

NYPD कमिश्नर जेसिका टिश ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे बिना किसी स्पष्ट उकसावे के किया गया हमला बताया। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे कोई तत्काल कारण नजर नहीं आ रहा है।

मानसिक स्थिति को लेकर भी उठे सवाल

पुलिस सूत्रों का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी और वह काफी परेशान दिखाई दे रही थी। घटना के वक्त टाइम्स स्क्वायर के आसपास बड़ी संख्या में पर्यटक, परिवार और आम लोग मौजूद थे।

यह घटना सेवेंथ एवेन्यू के उस हिस्से में हुई, जिसे दुनिया के सबसे व्यस्त पैदल यात्री इलाकों में गिना जाता है। मेयर जोहरान ममदानी ने बताया कि दोनों पीड़ितों और हमलावर महिला को बेलव्यू अस्पताल ले जाया गया था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए