युद्ध के मुहाने पर दुनिया! ट्रंप ने फिर दी धमकी, कहा- ईरान पर नए हमलों की तैयारी में जुटा अमेरिका
ईरान के साथ फिर से सैन्य कार्रवाई की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, ‘‘हमने कल रात उन पर जोरदार हमला किया। संभवतः आज रात भी हम उन पर फिर से भीषण हमला करेंगे।’’

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका ईरान पर रात में और हवाई हमले करने की तैयारी कर रहा है। इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि युद्धविराम समाप्त हो गया है।
ईरान के साथ फिर से सैन्य कार्रवाई की संभावना पर पूछे गए सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, ‘‘हमने कल रात उन पर जोरदार हमला किया। संभवतः आज रात भी हम उन पर फिर से भीषण हमला करेंगे।’’
ट्रंप ने यह टिप्पणी अंकारा में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) शिखर सम्मेलन के इतर की। उन्होंने कहा कि ये हमले होर्मुज़ जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की जा रही लगातार सैन्य कार्रवाई का हिस्सा हैं।
ट्रंप ने कहा, ‘‘वे बहुत बुरा व्यवहार कर रहे हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि ईरान ने वाणिज्यिक जहाजों पर ड्रोन और एक मिसाइल से हमला किया है। ट्रंप ने यह धमकी भी दी कि अमेरिका ईरान के आम नागरिकों से जुड़े बुनियादी ढांचे पर हमला कर सकता है और खार्ग द्वीप पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर सकता है।
इससे पहले ईरान पर अमेरिकी हवाई हमलों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम (सीजफायर) अब खत्म हो गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी रहेगी। ट्रंप ने तेहरान की इस्लामिक सरकार को "बीमार" बताते हुए कहा कि अब ईरान के साथ किसी समझौते पर बातचीत करना समय की बर्बादी है।
ट्रंप इस समय तुर्की की राजधानी अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरान के साथ सीजफायर खत्म हो गया है, तो उन्होंने जवाब दिया, "मेरे हिसाब से तो यह खत्म हो गया है।" यह बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज जलमार्ग में तीन व्यावसायिक जहाजों पर हमलों के बाद अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य कार्रवाई तेज हो गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
