'ईरान-अमेरिका के बीच नहीं होगी कोई सीधी बातचीत', पाक में वार्ता से पहले तेहरान की दो टूक

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि यह दौरा आधिकारिक है और इसका मकसद पाकिस्तान के जरिए बातचीत को आगे बढ़ाना है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका और ईरान के बीच रुकी हुई कूटनीतिक बातचीत एक बार फिर पटरी पर लौटती दिख रही है। इस बार बातचीत सीधे नहीं, बल्कि पाकिस्तान की मध्यस्थता में हो रही है। इसी सिलसिले में ईरान का प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुका है, जिसकी अगुवाई विदेश मंत्री अब्बास अराघची कर रहे हैं। हालांकि, इस दौर में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में जेडी वेंस शामिल नहीं हैं।

अराघची अपने डेलीगेशन के साथ इस्लामाबाद पहुंचे, जहां वे दोनों देशों के बीच ठप पड़ी बातचीत को फिर से आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे। उनके दौरे के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।

इस बीच ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका के साथ सीधे बातचीत के मूड में नहीं है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने ईरानी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत की तस्वीरें साझा कीं, जिनमें मोहसिन नकवी और आसिम मुनीर भी नजर आए। वहीं, ईरान के विदेश मंत्रालय ने दो टूक कहा है कि अमेरिका के साथ आमने-सामने किसी बैठक की कोई योजना नहीं है।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि यह दौरा आधिकारिक है और इसका मकसद पाकिस्तान के जरिए बातचीत को आगे बढ़ाना है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान का कोई भी प्रस्ताव सीधे अमेरिका को नहीं, बल्कि पाकिस्तान के माध्यम से भेजा जाएगा।

दूसरी ओर, डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान एक नया प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जो अमेरिकी मांगों को ध्यान में रखकर बनाया गया हो सकता है। हालांकि, ट्रंप ने यह भी माना कि उन्हें अभी इस प्रस्ताव की पूरी जानकारी नहीं मिली है।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia