ट्रंप और पुतिन यूक्रेन में सीमित युद्धविराम पर हुए सहमत, व्हाइट हाउस ने दोनों के बीच बातचीत के बाद किया दावा
फिलहाल साफ नहीं है कि यूक्रेन इस चरणबद्ध युद्धविराम योजना के साथ है या नहीं। वहीं क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन ने बातचीत के दौरान ट्रंप से कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका और उसके सहयोगियों को यूक्रेन को सैन्य और खुफिया सहायता देना बंद करना होगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रूस-यूक्रेन युद्ध रोकने को लेकर फोन पर बातचीत की। बातचीत के बाद व्हाइट हाउस ने दावा किया कि दोनों नेताओं ने ऊर्जा और बुनियादी ढांचे पर तत्काल सीजफायर पर सहमति जताई है। रूसी नेता ने हालांकि लड़ाई में 30 दिन के व्यापक युद्धविराम का समर्थन करने से मना कर दिया, जिस पर अमेरिकी प्रशासन जोर दे रहा है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद फोन वार्ता के बारे में जानकारी दी। ट्रंप ने कहा कि यह बातचीत बहुत अच्छी और प्रोडक्टिव रही। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों नेताओं ने ऊर्जा और बुनियादी ढांचे पर तत्काल सीजफायर (युद्धविराम) पर सहमति जताई। ट्रंप ने बताया कि इस समझौते के तहत, वे पूरी तरह से युद्धविराम और अंततः रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे इस भयंकर युद्ध को समाप्त करने की दिशा में तेजी से काम करेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय सह आवास ‘व्हाइट हाउस’ ने मंगलवार को जानकारी देते हुए इस सीमित युद्ध विराम को ‘शांति की दिशा में पहला कदम’ करार दिया और उम्मीद जताई कि इससे अंततः काला सागर में समुद्री युद्ध विराम होगा और जंग पर स्थायी रूप से विराम लगेगा।व्हाइट हाउस ने कहा कि पश्चिम एशिया में इन कदमों पर बातचीत ‘‘तुरंत शुरू होगी"। ट्रंप और पुतिन के बीच बातचीत के तुरंत बाद, कीव में हवाई हमले की चेतावनी दी गई, जिसके बाद शहर में विस्फोट हुए। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर आश्रय लेने का आग्रह किया।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "अगर मैं राष्ट्रपति होता तो यह युद्ध कभी नहीं शुरू होता।" ट्रंप के मुताबिक, शांति समझौते के कई महत्वपूर्ण तत्वों पर चर्चा की गई, जिसमें यह भी बताया गया कि हजारों सैनिकों की जान जा चुकी है और दोनों देशों के नेता (राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति जेलेंस्की) युद्ध समाप्त करना चाहते हैं। ट्रंप ने इस प्रक्रिया को पूरी ताकत के साथ लागू होने की बात कही और उम्मीद की कि यह युद्ध मानवता के हित में समाप्त हो जाए।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यूक्रेन इस चरणबद्ध युद्ध विराम योजना में साथ है या नहीं। वहीं रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन ने बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप से कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका और उसके सहयोगियों को यूक्रेन को सैन्य व खुफिया सहायता देना बंद करना होगा। पुतिन ने समुद्री युद्ध विराम के लिए ट्रंप के आह्वान का स्वागत किया और ‘इस तरह के समझौते के विशिष्ट विवरणों पर आगे काम करने के लिए बातचीत शुरू करने पर सहमति व्यक्त की’। पुतिन ने ट्रंप को यह भी बताया कि रूस और यूक्रेन बुधवार को 175-175 युद्धबंदियों की अदला-बदली करेंगे और रूस 23 बुरी तरह से घायल सैनिक भी यूक्रेन को सौंपेगा।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच एक घंटे से अधिक समय तक फोन पर बातचीत हुई। इससे पहले व्हाइट हाउस ने कहा कि बातचीत अच्छी चल रही है। कॉल का विवरण बाद में जारी किया जाएगा। युद्धविराम को लेकर कीव ने पहले ही योजना को अपनी स्वीकृति दे दी है। पुतिन ने सैद्धांतिक रूप से इसका समर्थन किया है, लेकिन कुछ शर्तें रखी हैं, मुख्य रूप से, यूक्रेन युद्धविराम का उपयोग सैनिकों को जुटाने या प्रशिक्षित करने या सैन्य सहायता प्राप्त करने के लिए नहीं करेगा।
राष्ट्रपति ट्रंप ने रविवार देर रात फ्लोरिडा में अपने मार-ए-लागो निवास से वाशिंगटन डी.सी. वापस जाते समय कॉल करने की अपनी योजना की घोषणा की थी। यह कॉल पिछले सप्ताह मॉस्को में ट्रंप के पश्चिम एशिया दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति पुतिन के बीच हुई बातचीत के बाद की गई है। विटकॉफ ने कहा है कि यह बैठक तीन से चार घंटे तक चली।
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia