एक तरफ जंग, दूसरी तरफ डील! ट्रंप बोले- ईरान देगा 'न्यूक्लियर डस्ट', समझौता संभव

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ बड़ा समझौता संभव है, जबकि होर्मुज और तेहरान में हमलों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

फोटो: IANS
i
user

नवजीवन डेस्क

google_preferred_badge

अमेरिका और ईरान में तनाव के बीच एक तरफ होर्मुज से लेकर तेहरान तक हमलों और धमाकों की खबरें सामने आ रही हैं, तो दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड दावा कर रहे हैं कि दोनों देशों के बीच समझौता “पूरी तरह संभव” है। ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका की ओर से ईरान को भेजा गया प्रस्ताव सिर्फ “एक पेज का ऑफर” नहीं, बल्कि कई अहम शर्तों वाला विस्तृत समझौता है।

ट्रंप बोले- ईरान परमाणु हथियार नहीं रखेगा

न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या ईरान ने अमेरिकी प्रस्ताव पर बातचीत की है, तो उन्होंने कहा कि इसे “एक पेज वाला ऑफर” बताना गलत है। ट्रंप ने कहा कि प्रस्ताव में यह स्पष्ट किया गया है कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रखेगा और अमेरिका को “न्यूक्लियर डस्ट” सौंपेगा। ट्रंप लगातार “न्यूक्लियर डस्ट” शब्द का इस्तेमाल ईरान के समृद्ध यूरेनियम के संदर्भ में कर रहे हैं।

जब उनसे पूछा गया कि क्या ईरानी नेतृत्व इन शर्तों पर राजी हो गया है, तो ट्रंप ने कहा कि मौखिक सहमति का ज्यादा मतलब नहीं होता। उनके मुताबिक, “वे हामी भरते हैं, लेकिन अगले दिन भूल जाते हैं कि किस बात पर सहमति दी थी।” ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान के भीतर अलग-अलग नेताओं के समूहों के साथ बातचीत कर रहा है।


पाकिस्तान बना मध्यस्थ, ईरान कर रहा समीक्षा

ईरानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक तेहरान ने अभी तक अमेरिकी प्रस्ताव पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। स्थानीय मीडिया का कहना है कि पाकिस्तान के जरिए भेजे गए अमेरिकी संदेशों की समीक्षा की जा रही है। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका की ओर से आए प्रस्तावों की जांच जारी है और अभी तक कोई आधिकारिक जवाब नहीं भेजा गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि बातचीत का मुख्य मुद्दा युद्धविराम और “क्षेत्रीय स्थिरता” है। अब्बास अराघची ने गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार से फोन पर बातचीत भी की। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान इस पूरी कूटनीतिक प्रक्रिया में अहम भूमिका निभा रहा है। इन कोशिशों के बीच ट्रंप लगातार उम्मीद जता रहे हैं कि कोई बड़ा समझौता जल्द हो सकता है।

सीजफायर टूटता दिखा, होर्मुज में बढ़ा टकराव

कूटनीतिक बातचीत के समानांतर जमीनी हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। सीजफायर लगभग टूटता दिख रहा है और होर्मुज क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच नए टकराव की खबरें सामने आई हैं। दोनों देशों ने एक-दूसरे पर उकसावे का आरोप लगाया है। मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच तनाव और बढ़ गया है।

ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार बंदर अब्बास, केशम द्वीप और राजधानी तेहरान के आसपास धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। इन घटनाओं ने क्षेत्र में तनाव को और गहरा कर दिया है। हालांकि ट्रंप अब भी दावा कर रहे हैं कि यह संघर्ष “बहुत जल्दी खत्म हो जाएगा” और समझौते की संभावना बनी हुई है।