'ट्रंप के घंटे भर में किए सातों दावे झूठे': ट्रंप पर भड़का ईरान, कहा- अब होर्मुज में सिर्फ हमारा कानून चलेगा

गालिबाफ ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान पर लगाए गए प्रतिबंध और नाकेबंदी जारी रहती है, तो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुला नहीं रहेगा।

फोटो: सोशल मीडिया
i
user

नवजीवन डेस्क

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने तीखा हमला बोला है। गालिबाफ ने आरोप लगाया कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच जारी गतिरोध को लेकर ट्रंप ने भ्रामक और गलत दावे किए हैं।

उन्होंने साथ ही चेतावनी दी कि यदि ईरान पर लगातार दबाव और प्रतिबंधों की नीति जारी रहती है, तो इसके वैश्विक समुद्री व्यापार और शिपिंग मार्गों पर गंभीर असर पड़ सकता है। गालिबाफ का संकेत खास तौर पर क्षेत्र की रणनीतिक समुद्री गतिविधियों पर संभावित प्रभाव की ओर माना जा रहा है।

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में गालिबाफ ने कहा कि ट्रंप ने एक घंटे में 7 दावे किए, और वे सातों ही झूठे थे। गालिबाफ ने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से न तो युद्ध में सफलता मिली है और न ही बातचीत की मेज़ पर कोई फायदा होगा।

गालिबाफ ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान पर लगाए गए प्रतिबंध और नाकेबंदी जारी रहती है, तो होर्मुज स्ट्रेट खुला नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से आवाजाही केवल तय किए गए रास्तों और ईरान की अनुमति के आधार पर ही संभव होगी।

उन्होंने आगे कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य खुला रहेगा या बंद होगा, और उसके संचालन से जुड़े नियम क्या होंगे यह फैसला ज़मीनी हालात तय करेंगे, न कि सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाज़ी।

ईरानी संसद स्पीकर ने मीडिया युद्ध पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि जनमत को प्रभावित करने की कोशिशें आधुनिक युद्ध का हिस्सा हैं, लेकिन ईरानी जनता इन रणनीतियों से प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वार्ता से जुड़ी वास्तविक और सटीक जानकारी के लिए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के हालिया इंटरव्यू को ही आधार माना जाए।

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia