ईरान के साथ युद्ध खत्म होने की ओर? ट्रंप बोले- सैन्य ताकत लगभग तबाह, फिलहाल कार्रवाई की जरूरत नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की सैन्य ताकत और निर्माण क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है और संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है।

फोटो: सोशल मीडिया
i
  • डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत लगभग खत्म हो चुकी है और फिलहाल किसी नई कार्रवाई की जरूरत नहीं है।

  • ट्रंप के मुताबिक, ईरान की निर्माण क्षमता करीब 85 फीसदी कम हो गई है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है।

  • उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान के साथ संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है, लेकिन जरूरत पड़ने पर अमेरिका फिर सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार है।

  • रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप ने कहा कि दोनों देश लड़ते-लड़ते थक चुके हैं और अमेरिका बातचीत के जरिए इस संघर्ष को खत्म कराने की कोशिश कर रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी संघर्ष को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत लगभग खत्म हो चुकी है और फिलहाल अमेरिका को उसके खिलाफ किसी नई सैन्य कार्रवाई की जरूरत नहीं दिख रही है। ट्रंप ने यह भी उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच संघर्ष बहुत जल्द समाप्त हो सकता है।

ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद व्हाइट हाउस में मीडिया को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि अमेरिका फिलहाल मौजूदा स्थिति बनाए रख रहा है। हालांकि, उन्होंने किसी तरह की गारंटी देने से इनकार किया और साफ किया कि जरूरत पड़ने पर अमेरिकी सेना दोबारा कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है।

ईरान की 85 फीसदी निर्माण क्षमता खत्म होने का दावा

ट्रंप ने कहा कि ईरान की ताकत को पूरी तरह कुचल दिया गया है और उसकी निर्माण क्षमता करीब 85 फीसदी तक खत्म हो चुकी है। उनके मुताबिक, ईरान के साथ बातचीत चल रही है और वहां से अब काफी विनम्रता से बात की जा रही है। उन्होंने कहा कि देखना होगा कि आगे क्या होता है, लेकिन पूरी संभावना है कि यह मामला खत्म हो सकता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने परमाणु कार्यक्रम का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि वह ऐसा दीर्घकालिक समाधान चाहते हैं, जिससे ईरान का परमाणु कार्यक्रम हमेशा के लिए बेअसर हो जाए। ट्रंप ने दावा किया कि मौजूदा हालात में पूरा मध्य पूर्व यूरेनियम से जुड़े खतरों से सुरक्षित है और संघर्ष अब समाप्ति की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि सैन्य कार्रवाई के बाद अमेरिकी नागरिकों के साथ-साथ दुनिया के दूसरे देशों के लोग भी पहले के मुकाबले अधिक सुरक्षित होंगे। ट्रंप ने ईरान पर कई लोगों की जान लेने का आरोप लगाया और दोहराया कि अगर दोबारा कार्रवाई की जरूरत पड़ी तो अमेरिका इसके लिए पूरी तरह मुस्तैद है।


रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी ट्रंप ने दिया बयान

अबू धाबी में रूस और यूक्रेन के बीच चल रही बातचीत का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि दोनों देश लंबे समय से लड़ते-लड़ते थक चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका दोनों पक्षों को एक साथ लाने में कामयाब रहा है और बातचीत के जरिए युद्ध खत्म कराने की कोशिश कर रहा है।

ट्रंप ने कहा कि बैठकें ठीक चल रही हैं और उन्हें उम्मीद है कि इस संघर्ष का समाधान निकल सकता है। उन्होंने कहा कि इस युद्ध में हर महीने करीब 25 हजार लोग मारे जा रहे हैं। ट्रंप के मुताबिक, रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराना उनके लिए इसलिए भी अहम है क्योंकि इसका असर उन पर व्यक्तिगत रूप से पड़ता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए