होर्मुज स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों में विस्फोट, ईरान ने 'अनधिकृत' मार्ग का इस्तेमाल करने का लगाया आरोप
आईआरजीसी ने कहा कि रविवार और सोमवार के दौरान कुल छह टैंकरों के साथ इसी तरह की घटनाएं हुईं। इसने तेल कंपनियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे होर्मुज के दक्षिणी हिस्से में मौजूद उस 'अनधिकृत मार्ग' का इस्तेमाल न करें, क्योंकि वहां बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने सोमवार को दावा किया कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों (माइंस) से टकरा गए, जिसके बाद उनमें विस्फोट हुआ और आग लग गई। आईआरजीसी ने दावा किया कि इन जहाजों को अमेरिकी लड़ाकू विमानों का समर्थन भी मिला हुआ था। ये टैंकर 'अनधिकृत' मार्ग का इस्तेमाल कर रहे थे।
आईआरजीसी ने अपने आधिकारिक न्यूज प्लेटफॉर्म सेपाह न्यूज के जरिए जारी बयान में कहा कि रविवार और सोमवार के दौरान कुल छह टैंकरों के साथ इसी तरह की घटनाएं हुईं। आईआरजीसी नौसेना ने तेल कंपनियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से में मौजूद उस 'अनधिकृत मार्ग' का इस्तेमाल न करें, क्योंकि वहां बारूदी सुरंगें बिछाई गई हैं।
इसे भी पढ़ेंः होर्मुज स्ट्रेट के पास एक और तेल टैंकर में धमाके के बाद लगी आग, नियमों का उल्लंघन करने पर नेवल माइन से टकराया
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इससे पहले रविवार को भी आईआरजीसी ने कहा था कि दो तेल टैंकर 'अनधिकृत मार्ग' से गुजरते समय माइंस से टकरा गए थे, जिसके कुछ घंटों बाद उनमें विस्फोट हो गया। इनमें से एक सुपरटैंकर, जिसमें 20 लाख बैरल से अधिक तेल लदा हुआ था, विस्फोट के बाद भीषण आग की चपेट में आ गया और बाद में फारस की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में डूब गया।
इसे भी पढ़ेंः होर्मुज स्ट्रेट में तीन जहाजों में लगी आग, ईरान की आईआरजीसी ने बारूदी सुरंग से टक्कर को बताया वजह
अलग से जारी एक बयान में ईरानी नौसेना ने भी कहा कि रविवार और सोमवार तड़के होर्मुज स्ट्रेट के पूर्वी हिस्से में दो टैंकर माइंस से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए। इस बीच आईआरजीसी ने यह भी दावा किया कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने ड्रोन हमले में बहरीन स्थित एक अमेरिकी वायु रक्षा रडार स्टेशन को निशाना बनाया है। आईआरजीसी ने कहा कि अल-रिफा हेलीकॉप्टर बेस पर मौजूद रडार प्रणाली पर छह ड्रोन से हमला किया गया। संगठन ने इसे अमेरिका के खिलाफ अपने 'निर्णायक और कड़े जवाब' के दूसरे चरण का हिस्सा बताया।
आईआरजीसी ने आरोप लगाया कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की सुरक्षा के नाम पर तेल की आवाजाही कराने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसे इसमें पूरी तरह नाकामी मिली है। बयान में कहा गया कि अब अमेरिका दुनिया का ध्यान इस बात से हटाने की कोशिश कर रहा है कि जलडमरूमध्य बंद है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
